Search

RMC के ”चलो करें कोरोना को डाउन, रांची बनेगा नंबर वन टाउन” अभियान को मेयर ने बताया ''आइवॉश''

  • शुक्रवार को कई वार्डों के निरीक्षण को पहुंचीं मेयर को लोगों ने बताया, नहीं हो रही में सफाई, फॉगिंग और सैनिटाइजेशन का काम
  • सफाईकर्मियों को मास्क, हैंड ग्लव्स उपलब्ध नहीं होने पर भड़कीं मेयर, सुपरवाइजर को कहा- सफाईकर्मी कोरोना संक्रमित होंगे तो आपकी तनख्वाह से होगा इलाज

Ranchi : कोरोना संक्रमण को लेकर रांची नगर निगम अंतर्गत चलाये जा रहे विशेष सफाई ”चलो करें कोरोना को डाउन, रांची बनेगा नंबर वन टाउन” अभियान को मेयर आशा लकड़ा ने सिर्फ आइवॉश करने वाला बताया है. उन्होंने कहा है कि नगर विकास सचिव के निर्देश पर विशेष अभियान को चला नगर आयुक्त आपदा को सफाई, सैनिटाइजेशन और फॉगिंग के नाम पर निगम के राजस्व का दुरुपयोग कर रहे हैं. दरअसल मेयर शुक्रवार को निगम के वार्ड के 32, 33, 34, 35 और 36 के निरीक्षण दौरे पर थीं. इस दौरान उन्होंने वार्डों की सफाई व्यवस्था, सैनिटाइजेशन और फॉगिंग कार्य का निरीक्षण किया.

नियमित रूप से कूड़े का उठाव सुनिश्चित कराएं - मेयर

मेयर ने अपने इस निरीक्षण की जानकारी एक दिन पहले ही आला अधिकारियों को दी थी, लेकिन कोई भी अधिकारी निरीक्षण कार्यक्रम में उपस्थित नहीं थे.
वार्ड 32 स्थित लकड़ी टाल और लक्ष्मी नगर के विभिन्न गली-मोहल्लों में उन्होंने पाया कि कई जगहों पर नालियां गंदगी व कूड़े के ढेर से जाम हैं. स्थानीय लोगों ने मेयर से शिकायत कर कहा कि कोरोना संक्रमण के दौर में भी निगम की ओर से न तो डोर-टू-डोर कूड़ा उठाव किया जा रहा है और न ही sanitization या फॉगिंग काम. इस पर मेयर ने सुपरवाइजर और जोनल सुपरवाइजर को बुलाकर कचरा उठाने व नालियों की सफाई करने का निर्देश दिया. सभी को मेयर ने चेतावनी भी दी कि वे नियमित रूप से कूड़े का उठाव सुनिश्चित कराएं.

मेडिकल शॉप के संचालक को फटकार लगाई

वार्ड 33 स्थित काजू बागान, राधा नगर, आनंद नगर आदि इलाके में भी कूड़े के ढेर और नाली जाम की शिकायत मिली. वार्ड 34 स्थित बजरा, हेहल के गली-मोहल्लों में मेयर ने देखा कि स्थानीय मेडिकल शॉप संचालक ने उपयोग किए गए इंजेक्शन व दवाइयों के खाली डिब्बों को खुली नाली में फेंककर नाली को जाम कर दिया गया है. उन्होंने मेडिकल शॉप के संचालक को फटकार लगाई और चेतावनी दी कि भविष्य में इस प्रकार मेडिकल वेस्ट से नाली को जाम किया गया तो कड़ी कार्रवाई करने के साथ-साथ जुर्माना भी किया जाएगा. वार्ड 35 की चेतन टोली में भी कई जगहों पर कूड़े के ढेर दिखे. वार्ड 36 के तेली कोचा, मंडप टोली समेत विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण के दौरान स्थानीय लोगों ने सफाई व सैनिटाइज कराने की मांग की.

सफाईकर्मियों को मास्क, हैंड ग्लव्स उपलब्ध नहीं कराए गए

निरीक्षण के दौरान मेयर ने बताया कि नगर निगम के सफाईकर्मियों को मास्क, हैंड ग्लव्स आदि उपलब्ध नहीं कराए गए हैं. उन्होंने सुपरवाइजर को चेतावनी देते हुए कहा कि सुरक्षा किट के अभाव में सफाईकर्मी कोरोना संक्रमित होंगे तो आपकी तनख्वाह से उनका इलाज कराया जाएगा. इसलिए सफाईकर्मियों को जल्द से जल्द हैंड ग्लव्स, मास्क व सैनिटाइजर उपलब्ध कराएं. इस दौरान मेयर ने नगर आयुक्त पर सवाल खड़ा किया. उन्होंने कहा कि वे राज्य सरकार के इशारे पर राजनीति कर रहे हैं. वे न तो स्वयं काम करना चाहते हैं और न ही अपने अधीनस्थ अधिकारियों को काम करने दे रहे हैं. निगम के अन्य अधिकारियों को भी नगर आयुक्त मेयर के निरीक्षण में शामिल होने से रोक रहे हैं. उन्होंने यह भी कहा कि जल्द ही अधिकारियों के साथ बैठक कर सफाई, सैनिटाइजेशन और फॉगिंग से संबंधित कार्यों की समीक्षा की जाएगी.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

बेहतर न्यूज़ अनुभव
ब्राउज़र में ही
//