Search

Advertisement
Advertisement
Advertisement

शिवराज घोषणावीर, मोदी की गालियों वाली से लंबी घोटालों की लिस्ट : प्रियंका

Jabalpur : कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने सोमवार को मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव अभियान का शंखनाद करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर जम कर हमला बोला. उन्होंने मध्यप्रदेश में हो रहे भ्रष्टाचार व बेरोजगारी के मुद्दे पर राज्य सरकार को घेरा, तो धर्म के मुद्दे पर केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधा. कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान घोषणावीर हैं, उन्होंने अब तक 22 हजार घोषणाएं की हैं, इसकी जगह वह इतनी नौकरियां युवाओं को देते तो लोगों का कुछ भला होता. एमपी के घोटालों का जिक्र करते हुए पीएम मोदी की गालियों वाली लिस्ट की तुलना की. कहा कि प्रदेश में व्यापम घोटाला, राशन घोटाला, शिक्षक घोटाला, पुलिसभर्ती घोटाला, खंडन घोटाला, कोरोना घोटाला, बिजली विभाग घोटाला, ईं टेंडर का घोटाला, टीवी सेट का घोटाला कितने सारे घोटाले हैं, मोदी जी ने गालियों वाली जो लिस्ट निकाली है, उससे लंबी तो प्रदेश के घोटालों की लिस्ट है.

महाकाल मंदिर की मूर्तियों में भी पैसे खाए हैं

जबलपुर के ग्वारीघाट में मां नर्मदा का पूजन करने के बाद प्रियंका गांधी ने शहीद स्मारक में जनसभा को संबोधित करते हुए प्रदेश सरकार को महाकाल के मुद्दे पर भी घेरा. मूर्तियों के टूटने पर प्रियंका ने कहा, इन्होंने महाकाल को नहीं छोड़ा, नर्मदा मैया को नहीं छोड़ा. महाकाल मंदिर की मूर्तियों में भी पैसे खाए हैं. कहां जाकर रुकेंगे ये लोग. मेरे पास एक पंडित जी ने वीडियो भेजा था, उनका कहना था कि तेज हवा चलती है तो मूर्तियां हिलने लगती हैं.

धर्म की राजनीति कर रही भाजपा

प्रियंका गांधी ने बीजेपी पर धर्म की राजनीति का आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्र में 9 साल हो गए, मध्यप्रदेश में 18 साल हो गए, ये राजनीति बहुत आगे बढ़ चुकी है. आपकी जरूरतों को नकार रही है. आपके जज्बातों को उकसाया जाता है. हमारे लिए हमारा धर्म सर्वोपरि है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि पब्लिक को बहकाया जाए. पब्लिक के जज्बात उभारकर वोट मांगा जाए.

 सिंधिया पर भी जमकर हमला बोला

प्रियंका ने बीजेपी पर तंज कसते हुए कहा कि पिछले चुनाव में हमारी सरकार बनी थी, लेकिन जोड़-तोड़ कर के, पैसे लगा कर भाजपा के नेताओं ने हमारी सरकार तोड़ी और अपनी सरकार बना ली. लेकिन सरकार बनाने के बाद कुछ अच्छा कर के दिखाते तो कुछ आपका फायदा होता. प्रियंका गांधी ने ज्योतिरादित्य सिंधिया पर भी जमकर हमला बोला. कहा कि बीजेपी के लोग सत्ता के लिए कुछ भी कर सकते हैं, हमारी पार्टी में भी कुछ लोग थे, जिन्हें सत्ता चाहिए थी, वो कुर्सी के लिए विचारधारा भूल गए.

तीन साल में सिर्फ 21 नौकरियां

प्रियंका गांधी ने बेरोजगारी के मुद्दे पर सरकार पर तंज कसा. उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में भयंकर बेरोजगारी है. शर्म की बात है कि एक सरकार तीन साल में मात्र 21 नौकरियां दे रही है. भर्ती के इम्तिहान के लिए युवा पढ़ रहे हैं, लेकिन कोई न कोई घोटाला हो जाता है. पढ़ाई बर्बाद हो जाती है. परीक्षा देते हैं लेकिन उसका रिजल्ट नहीं आता है.

आदिवासियों की दुर्दशा हो रही है

प्रियंका ने दलितों और आदिवासियों पर हो रहे अत्याचारों पर भी भाजपा पर तंज कसा और कहा कि एमपी में आदिवासियों की दुर्दशा हो गई है. बच्चों, बुजुर्गों और दलितों पर अत्याचार बढ़ रहे हैं. मीडिया और बड़े-बड़े होर्डिंग कुछ और दिखा रहे हैं. एक किसान की कहानी सुनाते हुए प्रियंका ने कहा कि ये आपको सिर्फ अच्छा होने वाला है कहते हैं, लेकिन कुछ अच्छा नहीं हो रहा.

मुआवजे के नाम पर चार हजार करोड़ का घोटाला

प्रियंका गांधी ने शिवराज सिंह चौहान पर किसानों को मुआवजा बांटने के नाम पर चार हजार करोड़ का घोटाला करे का आरोप लगाया. कहा कि किसान के लिए सरकार ने कुछ नहीं किया. किसानों को फसलों के दाम नहीं मिल रहे. ओलावृष्टि में बीजेपी ने चार हजार करोड़ का घोटाला किया है. किसानों को ओलावृष्टि का पैसा नहीं मिला, लेकिन इन्होंने पैसे बांट दिए. ये सरकार चली है तो घोटालों और भ्रष्टाचार के लिए चली है.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही