Search

लोहरदगा : साइबर अपराधियों के लिए सेफ जोन बना भंडरा, सोने-चांदी चमकाने के नाम पर भी हो रही ठगी

  • साइबर ठगों ने एक महिला से मंइयां सम्मान योजना के नाम पर खाते से उड़ाये 57 हजार
  • दूसरी महिला से बोनस के नाम पर फोन पे के जरिये नौ हजार की ठगी 
  • सोने-चांदी व बर्तन चमकाने का झांसा देकर तीन लाख के जेवरात पर हाथ साफ
  • ठगी के लिए अलग-अलग हथकंडे अपना रहे हैं ठग
Shakeel Ahmed Bhandra/Lohardaga : लोहरदगा जिले का भंडरा थाना क्षेत्र इन दिनों साइबर ठगों का अड्डा बन गया है. आये दिन साइबर ठग भोले-भाले ग्रामीणों को अपना शिकार बना रहे हैं. इसी कड़ी में साइबर अपराधियों ने मंइयां सम्मान योजना की राशि खाते में दिये जाने की बात कहकर डूमरी गांव निवासी पुष्पा कुमारी से ठगी कर ली. राजेश उरांव की पत्नी को अपने चंगुल फंसाकर ठगों ने फोन पे में लिंक के माध्यम से खाते से 57 हजार रूपये उड़ा लिये. साइबर अपराधियों ने पुष्पा कुमारी से पहली बार 49 हजार और दूसरी बार आठ हजार रुपये की ठगी कर ली. इसी तरह भंडरा निवासी विनोद साहू की पुत्री रितू कुमारी के साथ भी साइबर ठगों ने बोनस के नाम पर ठगी की है. अपराधियों ने कंपनी में चार हजार रुपये बोनस मिलने की बात कहकर फोन पे के माध्यम से नौ हजार रूपये की ठगी कर ली.

सोने-चांदी की सफाई का झांसा देकर उड़ा ले गये तीन लाख के जेवरात

लोहरदगा में सोना-चांदी की सफाई के नाम पर भी ठग घर से जेवरात पर हाथ साफ कर रहे हैं. प्रखंड मुख्यालय के सामने रहने वाले असलम अंसारी की पत्नी इस्मत परवीन से भी दो ठगों ने सोने-चांदी और बर्तन चमकाने का झांसा करीब तीन लाख रूपये के कीमती जेवरात ले उड़े. जानकारी के मुताबिक, इस्मत परवीन घर पर थी. शनिवार की दोपहर करीब 1:30 बजे दो युवक उनके घर पर आये और कंपनी की ओर से जेवर और बर्तन चमकाने की बात कही. इस्मत ठगों के झांसे में आ गयी और चांदी का पायल निकाल कर दे दिया. ठगों ने पायल साफ करने के बाद विश्वास में लेते हुए उसे वापस कर दिया. इसके बाद असलम अंसारी की पत्नी ने  अपने घर में रखे सोने की अंगूठी, दो सोने के झुमके सहित अन्य जेवरात निकालकर साफ करने के लिए दे दिया. इसी बीच युवक ने नजर बचाकर सोने की सभी जेवरात अपने पास रख ली और भुक्तभोगी महिला को हल्दी व केमिकल मिलाकर एक डिब्बा दिया. शातिर ठगों ने कहा कि सोने के जेवरात डिब्बे में है. इसे गरम करने पर साफ हो जायेगी।. भुक्तभोगी इस्मत परवीन ने डिब्बा रख दिया. 10 मिनट के बाद डिब्बा खोलकर देखा तो उसमें कुछ नहीं था. दौड़ी भागी बाहर निकली तो दोनों युवक फरार हो गये. उन्होंने अपने पति असलम अंसारी व आस-पास के लोगों को इसकी जानकारी दी. असलम अंसारी ने दोनों युवकों की गांव में तलाश की. लेकिन दोनों कही नहीं दिखे. इसके बाद घटना की जानकारी भंडरा थाना को दी. पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. हालांकि शातिर ठगों की सारी करतूतें सीसीटीवी में कैद हो गयी है.  

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp