Search

लोकसभा चुनाव : जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने पोस्टल बैलट से मतदान की सुविधा के संबंध में बैठक की

Ranchi : जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में मंगलवार को लोकसभा आम निर्वाचन को लेकर बैठक हुई. बैठक में आवश्यक सेवा में लगे अब्सेंटी वोटर्स को पोस्टल बैलट से मतदान की सुविधा उपलब्ध कराने को लेकर चर्चा हुई. बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी ने डाक मतपत्रों से संबंधित सभी बारीकियों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी. उन्होंने बताया कि आवश्यक सेवाओं में तैनात व्यक्तियों की श्रेणी के अनुपस्थित मतदाताओं के लिए चुनावी कर्तव्य प्रमाण पत्रं (ईडीसी) एवं डाक मतपत्रों के माध्यम से मतदान कराया जायेगा.

ईडीसी-बैलेट पेपर के जरिए वोटिंग की सुविधा फैसिलिटेशन सेंटर पर दी जायेगी

संबंधित विभागों द्वारा ऐसे कर्मचारियों की सूची उपलब्ध करायी जायेगी, जिनकी वोटिंग के दिन ड्यूटी रहेगी. वे उस दिन वोट देने से वंचित रह सकते हैं. उन्हें रिटर्निंग अधिकारी द्वारा फॉर्म 12 डी जारी किये जायेंगे और उन्हें ईडीसी-बैलेट पेपर के जरिए वोटिंग की सुविधा फैसिलिटेशन सेंटर पर दी जायेगी. बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों व प्रतिनिधियों को इस दौरान बरती जाने वाली सावधानियां, मतपत्र के पूर्व एवं मतपत्र के साथ दिये जाने वाले फॉर्म 12डी एवं 13, 13ए, 13बी, 13सी आदि की जानकारी दी गयी.

अब्सेंटी वोटर्स की सूची बनाये जाने के आदेश

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बैठक में उपस्थित आवश्यक सेवाओं से जुड़े विभागों के प्रतिनिधियों से कहा कि वो ऐसे मतदाताओं की सूची तैयार कर लें, जो मतदान के दिन आवश्यक सेवा में लगे हैं. उन्होंने कहा कि सभी अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को वोटिंग के लिए प्रेरित करें और अपने संस्थानों व विभागों से एक ही दिन सभी अब्सेंटी वोटर्स को लेकर आयें, ताकि डाक मतपत्र से मतदान की बारीकियों को समझने में आसानी हो.

पोस्टल बैलेट के माध्यम से कब करना है मतदान

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि चुनाव आयोग द्वारा निर्धारित मतदान दिवस के 6 दिन पूर्व से निर्धारित मतदान दिवस के 3 दिन पूर्व तक आवश्यक सेवा में लगे मतदाता पोस्टल बैलेट के माध्यम से अपना महत्वपूर्ण वोट दे सकते हैं. इन 3 दिनों के दौरान पोस्टल बैलेट केन्द्र सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक कार्यरत रहेंगे. बता दें कि बिजली, पानी, रोडवेज, रेलवे, डेयरी, फायर फाइटर, चिकित्सा, मीडिया, डाक, कारा सहित कुल 16 श्रेणी के कर्मचारियों को अब्सेंटी वोटर्स में शामिल किया गया है. बैठक में नोडल पदाधिकारी डाक मतपत्र एवं ईटीपीबीएस कोषांग  संजय कुमार, निदेशक आईटीडीए संजय कुमार भगत, जिला परिवहन पदाधिकारी  अखिलेश कुमार, जिला जन संपर्क पदाधिकारी उर्वशी पांडेय, सिविल सर्जन प्रभात कुमार एवं मतदान के दिन आवश्यक सेवाओं से जुडे़ विभाग/संस्थान के प्रतिनिधि उपस्थित थे. [wpse_comments_template]  

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

बेहतर न्यूज़ अनुभव
ब्राउज़र में ही
//