Search

लोकसभा चुनाव : पहले चरण में 102 सीटों पर सुबह 7 बजे से मतदान जारी, बिहार की चार सीटों पर 38 प्रत्याशी चुनावी मैदान में

NewDelhi :   लोकसभा चुनाव 2024 के पहले चरण के लिए 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 102 सीटों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया है, जो शाम 6 बजे तक जारी रहेगी. हालांकि कुछ राज्यों में वोटिंग खत्म होने का समय अलग भी है. 102 सीटों पर कुल 1625 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं. लोकसभा चुनाव के साथ  आज अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम की 92 विधानसभा सीटों पर भी मतदान हो रहा है.

स्टालिन, रजनीकांत, भजनलाल, पी चिदंबरम समेत कई ने किया मतदान 

तमिलनाडु के सीएम एमके स्टालिन ने चेन्नई के मतदान केंद्र में जाकर वोट डाला. साउथ सुपरस्टार रजनीकांत ने चेन्नई के मतदान केंद्र में अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया. राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा ने भी मतदान केंद्र पहुंचकर वोट डाला. कांग्रेस नेता पी चिदंबरम ने तमिलनाडु की शिवगंगा सीट पर वोट डाला.

मताधिकार का प्रयोग करें और वोटिंग का नया रिकॉर्ड बनायें - मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आमजनता से वोट की अपील की. उन्होंने लिखा कि लोकतंत्र का सबसे बड़ा उत्सव आज से शुरू हो रहा है. लोकसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान में 21 राज्यों और संघ शासित प्रदेशों की 102 सीटों के लिए वोट डाले जायेंगे. इन सभी सीटों के मतदाताओं से मेरा आग्रह है कि वे अपने मताधिकार का प्रयोग जरूर करें और वोटिंग का नया रिकॉर्ड बनायें. पहली बार वोट देने जा रहे अपने युवा साथियों से मेरी यह विशेष अपील है कि वे भारी संख्या में मतदान करें.

`पांच न्याय` का हवाला देकर खरगे और राहुल ने मतदान की अपील की

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने पार्टी के `पांच न्याय` का हवाला देते हुए लोगों से मतदान की अपील की. खरगे ने लिखा कि हमारे संविधान और लोकतंत्र की रक्षा की लड़ाई आज से शुरू हो रही है. लोकसभा चुनाव के पहले चरण में मतदान करने वाले 21 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के मेरे प्रिय निवासियों, मैं आपसे अनुरोध करता हूं कि आप अपना वोट सावधानी से डालें. उन्होंने कहा कि एक ऐसा भविष्य जहां न्याय आपका इंतजार कर रहा है. आर्थिक सशक्तीकरण और समान अवसरों का एक नया युग आपका स्वागत कर रहा है. मुझे यकीन है कि आप पिछले 10 वर्षों की रिकॉर्ड बेरोजगारी की निरंतरता के बजाय, `युवा न्याय` के माध्यम से `नौकरी क्रांति` के लिए मतदान करेंगे. खरगे ने आगे लंबा-चौड़ा पोस्ट लिखा है. राहुल गांधी ने लोगों से अपील की कि वे नफरत को हराकर देश के हर कोने में `मोहब्बत की दुकान` खोल दें.

1.87 लाख मतदान केंद्रों 18 लाख से अधिक मतदान कर्मी तैनात 

लोकसभा चुनाव के पहले चरण में 16.63 करोड़ से ज्यादा वोटर्स अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे. इनमें 8.4 करोड़ पुरुष और 8.23 करोड़ महिलाएं और 11,371 थर्ड जेंडर वोटर्स शामिल हैं. वहीं 35.67 लाख वोटर्स पहली बार वोट डालेंगे. 20 से 29 साल की उम्र के मतदाताओं की संख्या 3.51 करोड़ है. देशभर में कुल 1.87 लाख मतदान केंद्र बनाये गये हैं. इन मतदान केंद्रों पर 18 लाख से अधिक मतदान कर्मियों को तैनात किया है. मतदान और सुरक्षा कर्मियों को लाने-ले जाने के लिए 41 हेलीकॉप्टर, 84 विशेष रेलगाड़ियां और लगभग एक लाख वाहन तैनात हैं. सभी मतदान केंद्रों पर ‘माइक्रो’ पर्यवेक्षकों की तैनाती की गयी है. साथ ही 50 प्रतिशत से अधिक मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग (इंटरनेट पर प्रसारण) की जायेगी.  इसके अतिरिक्त 361 पर्यवेक्षक (127 सामान्य, 67 पुलिस और 167 व्यय पर्यवेक्षक) निर्वाचन क्षेत्रों में मौजूद हैं. कुछ राज्यों में विशेष पर्यवेक्षक भी नियुक्त किये गये हैं.

पहले चरण में इन राज्यों की इतने सीटों पर हो रहा मतदान

लोकसभा चुनाव के पहले चरण में  उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, त्रिपुरा, सिक्किम, तमिलनाडु, राजस्थान, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम, अंडमान निकोबार, असम, नगालैंड, बिहार, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, मणिपुर, मेघालय, त्रिपुरा, जम्मू कश्मीर की विभिन्न सीटों के लिए मतदान हो रहा है. वहीं तमिलनाडु (39), उत्तराखंड (5), अरुणाचल प्रदेश (2), मेघालय (2), अंडमान और निकोबार द्वीप समूह (1), मिजोरम (1), नगालैंड (1), पुडुचेरी (1), सिक्किम (1) और लक्षद्वीप (1) में सभी सीटों पर मतदान हो रहा है. वहीं राजस्थान में 12, उत्तर प्रदेश में 8, मध्य प्रदेश में 6, असम में 5, महाराष्ट्र में 5, बिहार में 4, पश्चिम बंगाल में 3, मणिपुर में 2 और त्रिपुरा में एक, जम्मू कश्मीर में एक और छत्तीसगढ़ में एक सीट पर मतदान जारी है. बता दें कि पहले चरण में अरुणाचल प्रदेश में विधानसभा की 60 और सिक्किम की 32 सीटों पर मतदान हो रहा है.

पहले चरण में ये प्रमुख नेता चुनावी मैदान में

पहले चरण में मैदान में उतरे प्रमुख नेताओं में नागपुर से नितिन गडकरी, अरुणाचल प्रदेश (पश्चिम) से किरेन रीजीजू, बीकानेर से अर्जुन राम मेघवाल, असम के डिब्रूगढ़ से सर्बानंद सोनोवाल, मुजफ्फरनगर से संजीव बालियान, जम्मू-कश्मीर के उधमपुर से जितेंद्र सिंह और राजस्थान के अलवर से भूपेंद्र यादव शामिल हैं. कांग्रेस नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के पुत्र नकुलनाथ छिंदवाड़ा से दोबारा चुनाव लड़ रहे हैं.

औरंगाबाद, गया, जमुई और नवादा में वोटिंग जारी

पहले चरण में बिहार की चार सीटों औरंगाबाद, गया, जमुई और नवादा पर वोटिंग हो रही है. इन चार सीटों पर कुल 38 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं. इन सीटों पर शांतिपूर्ण, निष्पक्ष ढंग और सुचारू रूप से मतदान संपन्न कराने के लिए 5,000 मतदान केंद्र बनाये गये हैं. इनमें से अधिकांश को ‘‘संवेदनशील’’ के रूप में चिह्नित किया गया है, क्योंकि इन जिलों में नक्सली हिंसा का लंबा इतिहास रहा है.

नवादा में सबसे अधिक 20.06 लाख मतदाता

इन चार सीटों में से नवादा में सबसे अधिक 20.06 लाख मतदाता हैं, जहां कुल आठ उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं. नवादा में मुख्य रूप से मुकाबला भाजपा के राज्यसभा सदस्य विवेक ठाकुर और राजद के श्रवण कुशवाहा के बीच है. वहीं पूर्व राजद विधायक राज वल्लभ यादव के छोटे भाई विनोद यादव नवादा लोकसभा क्षेत्र से निर्दलीय उम्मीदवार है. विनोद यादव के चुनावी मैदान में उतरने से मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है. गया में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में शामिल हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा के प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी का मुख्य रूप से मुकाबला राजद के कुमार सर्वजीत से है.

जमुई में अरुण भारती और अर्चना रविदास के बीच कड़ा मुकाबला

जमुई में मुख्य मुकाबला लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अरुण भारती और राजद की अर्चना रविदास के बीच है. अरुण  भारती लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष और जमुई से मौजूदा सांसद चिराग पासवान के बहनोई हैं.  भारती एक प्रभावशाली राजनीतिक परिवार से हैं, वहीं अर्चना रविदास एक जमीनी स्तर की राजनीतिक कार्यकर्ता हैं. औरंगाबाद से भाजपा सांसद सुशील कुमार सिंह लगातार चौथी बार जीत दर्ज करने के इरादे से चुनावी मैदान में उतरे हैं. उनके प्रमुख प्रतिद्वंद्वी राजद के अभय कुशवाहा हैं, जो पिछले महीने सीएम नीतीश कुमार की पार्टी और राजग की सहयोगी जनता दल (यूनाइटेड) छोड़ कर राजद में शामिल हो गये थे.

चिराग पासवान ने मतदाताओं से वोटिंग की अपील की

लोकजनशक्ति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने मतदाताओं से वोटिंग करने की अपील की. उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि लोकतंत्र का महापर्व आज से शुरू हो रहा है. आज प्रथम चरण के लिए मतदान होना है, ऐसे में मैं जमुई लोकसभा क्षेत्र की देवतुल्य जनता से आग्रह करता हूं कि बेहतर जमुई के निर्माण और "शिक्षित जमुई - स्वस्थ जमुई" के लिए अधिक से अधिक अपने मतों का प्रयोग करें.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp