Search

 
 
 

मधुपुर तुष्टिकरण की राजनीति का लैब बन गया है- दीपक प्रकाश

 

Madhupur: मधुपुर का उपचुनाव तुष्टिकरण की राजनीति का लैब बन गया है. हेमंत सरकार जामताड़ा के चिरुडीह मामले के आरोपी रमजान मियां को इसलिए गिरफ्तार नहीं कर रही है, क्योंकि अगर उसे गिरफ्तार किया गया तो मधुपुर उपचुनाव में जेएमएम के अल्पसंख्यक वोट कट जायेंगे. बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने मधुपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर यह बातें कही. उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार ने जतना से झूठे वादे करके, उन्हें मुंगेरीलाल के हसीन सपने दिखाकर सत्ता हासिल की और उन्हें ठगा है. एक साल में 5 लाख बेरोजगारों को रोजगार देने का वादा करके जेएमएम सत्ता में आयी. लेकिन 5 लाख नौजवानों को रोजगार तो नहीं मिला बल्कि रघुवर सरकार ने संविदा के आधार पर बेरोजगारों को जो नौकरियां दी थी, इस सरकार ने उसे भी छीन लिया.

दीपक प्रकाश ने कहा कि हेमंत सरकार ने किसानों को सरकार के ओर से दी जाने वाली सहयोग राशि छीन ली. महिलाओं को एक रुपये में जमीन रजिस्ट्री का दिया हुआ अधिकार छीन लिया. इस सरकार ने लोगों को मुफ्त बिजली देने का वादा तो पूरा नहीं किया बल्कि गरीबों के घर अनाप-शनाप बिजली का बिल भेजवा दिया.

JMM विधायक दुष्कर्म को छोटी-मोटी घटना कहते हैं

दीपक प्रकाश ने कहा कि हेमंत सरकार के सत्ता में आने के बाद राज्य में अपराध बढ़ा. इस सरकार में 1600 से ज्यादा महिलाओं के साथ दुष्कर्म हुआ. इनमें आदिवासी और दलित महिलाओं की संख्या ज्यादा है. जबकि जेएमएम के ही विधायक लोबिन हेंब्रम कहते हैं कि दुष्कर्म की घटनाएं साधारण घटनाएं हैं. प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यह सरकार दलित विरोधी है. सरकार के खिलाफ लोगों में आक्रोश है.

जेएमएम पर सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग का आरोप

उन्होंने कहा कि बीजेपी सर्वधर्म संभाव पर भरोसा करती है. लेकिन अगर कोई हमारी आस्था के साथ खिलवाड़ करेगा तो हम बर्दाश्त नहीं करेंगे. कहा कि सीएम हेमंत सोरेन को एहसास हो गया है कि जेएमएम मधुपुर में उपचुनाव हार रही है. ये लोग पैसे से जनता को खरीदना चाहते हैं, लेकिन जनता जवाब देगी. उन्होंने जेएमएम पर सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग का भी आरोप लगाया और कहा कि सरकार के पदाधिकारी यह जान लें कि सरकारें आती-जाती रहती हैं. इसलिए कोई ऐसा काम न करें कि जनता का आपके उपर से भरोसा उठ जाये और बीजेपी को आपके खिलाफ सड़क पर उतरना पड़े.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही