Search

पटना में महागठबंधन की जनविश्वास महारैली थोड़ी देर में, राहुल, खड़गे, लालू समेत कई दिग्गज नेता होंगे शामिल

Patna :  पटना के गांधी मैदान में आज रविवार को महागठबंधन की जनविश्वास महारैली है. लोकसभा चुनाव 2024 के मद्देनजर इस महारैली को काफी अहम माना जा रहा है. इस जनसभा रैली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, आरजेडी अध्यक्ष लालू प्रसाद, सपा अध्यक्ष अखिलेश सिंह यादव, आरजेडी नेता तेजस्वी यादव, भाकपा माले के राष्ट्रीय महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य, माकपा के सीताराम येचुरी और भाकपा के डी. राजा शामिल होंगे. गांधी मैदान में आयोजित जनसभा को सभी दिग्गज नेता संबोधित करेंगे.

महारैली से पहले लालू-राबड़ी के आवास पर पहुंचे राजद कार्यकर्ता

"जन विश्वास महारैली" से पहले राजद कार्यकर्ता बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव के आवास पर एकत्र हुए. इसके बाद यहां से सभी गांधी मैदान में आयोजित "जन विश्वास महारैली" में शामिल होने के लिए निकले. वाम दलों के समर्थकों व कार्यकर्ताओं का जुटान भी सुबह से शुरू हो गया है. बिहार के अलावा झारखंड व उत्तर प्रदेश के राजद, कांग्रेस और लेफ्ट कार्यकर्ता शामिल होंगे. समाजवादी पार्टी के समर्थक और कार्यकर्ता भी "जन विश्वास महारैली" में भाग लेंगे.  

मुजफ्फरपुर से पटना आ रही समर्थक-कार्यकर्ताओं से भरी बस में लगी आग 

बता दें कि जनविश्वास महारैली में शामिल होने मुजफ्फरपुर से पटना आ रही बस एनएच -27 पर धू-धू कर जल गयी. बस में सवार 54 राजद के समर्थकों और कार्यकर्ताओं ने कूदकर अपनी जान बचायी. कुछ को चोटें भी आयी है. जानकारी के अनुसार, जिले के मोतीपुर थाना अंतर्गत नरियार पानापुर के पास शॉर्ट सर्किट के कारण बस में आग लग गयी थी. ड्राइवर ने तुरंत गाड़ी रोक दी. इसके बाद बस की छत पर बैठे लोगों ने कूद अपनी जान बचायी. जबकि अंदर बैठे लोग खिड़की का शीशा तोड़कर बाहर निकले.

तेजस्वी ने जनविश्वास यात्रा के जरिये 3500 किलोमीटर की यात्रा की

बता दें कि नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने जनविश्वास यात्रा के माध्यम से करीब 3500 किलोमीटर से अधिक की यात्रा की है. दो चरणों में यात्रा के दौरान पहले जनसभाओं का आयोजन किया गया. जबकि दूसरे चरण में तेजस्वी ने रोड शो किया. महागठबंधन की जनविश्वास महारैली को सफल बनाने के लिए  तेजस्वी ने जनविश्वास यात्रा निकाली. महारैली को सफल बनाने को लेकर सभी जिलों में कार्यक्रम भी आयोजित किये गये और लोगों को गांधी मैदान आने के लिए आमंत्रण दिया गया. [wpse_comments_template]

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp