Jamtara News: राज्य सरकार की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत जामताड़ा जिले के योग्य लाभुकों को अगस्त 2026 की सम्मान राशि एवं पेंशन राशि का भुगतान कर दिया गया है. उपायुक्त आलोक कुमार के पर्यवेक्षण एवं निर्देशानुसार भौतिक सत्यापन के बाद लाभुकों के खातों में राशि हस्तांतरित की गई है.
रक्षाबंधन के अवसर पर झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत जिले के कुल 1,52,741 लाभुकों को अगस्त माह की सम्मान राशि का भुगतान किया गया. प्रत्येक लाभुक के बैंक खाते में 2,500 रुपये की दर से राशि PFMS/DBT के माध्यम से हस्तांतरित की गई है.
इसी प्रकार सर्वजन पेंशन योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में भौतिक सत्यापन के बाद जिले के कुल 1,05,790 लाभुकों को अगस्त माह की पेंशन राशि APBS/PFMS के माध्यम से उनके बैंक खातों में भेजी गई है.
इनमें मुख्यमंत्री राज्य वृद्धावस्था पेंशन योजना के 79,704, मुख्यमंत्री राज्य निराश्रित महिला सम्मान पेंशन योजना के 12,844, मुख्यमंत्री राज्य आदिम जनजाति पेंशन योजना के 1,215, मुख्यमंत्री राज्य एचआईवी/एड्स पीड़ित व्यक्ति सहायतार्थ पेंशन योजना के 74 तथा स्वामी विवेकानंद नि:शक्त स्वावलंबन प्रोत्साहन योजना के 11,953 लाभुक शामिल हैं.
जिला प्रशासन ने कहा है कि सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ शत-प्रतिशत योग्य एवं अहर्ताधारी लाभुकों तक पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचाना प्राथमिकता है. प्रशासन की ओर से योजनाओं के क्रियान्वयन और लाभुकों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने की प्रक्रिया लगातार जारी है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.