Ranchi : केंद्रीय विश्वविद्यालय झारखंड (सीयूजे) के सुदूर पूर्व भाषा विभाग के कोरियन भाषा के विद्यार्थियों ने उच्च शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है. वर्ष 2022-27 बैच के बीए (ऑनर्स विद रिसर्च) कोरियन भाषा के विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत और भाषा पर मजबूत पकड़ के दम पर देश-विदेश में करियर के बेहतर अवसर हासिल किए हैं.
कोरियन भाषा के सहायक प्राध्यापक डॉ. शशि कुमार मिश्रा ने बताया कि इस बैच की छात्रा स्वाति कुमार को हंगरी स्थित University of Pannonia में Applied Linguistics में मास्टर डिग्री की पढ़ाई के लिए छात्रवृत्ति मिली है. विदेश में उच्च शिक्षा के लिए छात्रवृत्ति मिलना उनके लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है.

छात्रा को विदेश में उच्च शिक्षा के लिए मिली छात्रवृत्ति
इसी बैच की छात्रा श्रुति का चयन JUYEONG MEP SOLUTIONS INDIA PRIVATE LIMITED, सृष्टि का चयन MSN POWER SALES LTD और रचना का चयन PUNGSAN SYSTEM INDO में हुआ है. इन विद्यार्थियों का चयन ऑफ-कैंपस प्लेसमेंट के माध्यम से हुआ है और उन्हें 9 लाख रुपये से अधिक के वार्षिक वेतन पैकेज पर रोजगार का अवसर मिला है.
विद्यार्थियों की यह उपलब्धि इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि उन्होंने कोरियन भाषा की पढ़ाई के साथ अन्य आवश्यक कौशल भी विकसित किए हैं. विदेशी भाषाओं का ज्ञान आज युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खोल रहा है. विशेष रूप से कोरियन भाषा का ज्ञान कोरिया से जुड़ी कंपनियों, व्यापारिक संस्थानों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों में उपयोगी साबित हो रहा है.

9 लाख रुपये से अधिक के वार्षिक वेतन पैकेज
सीयूजे का चार वर्षीय बीए (ऑनर्स विद रिसर्च) कोरियन भाषा कार्यक्रम विद्यार्थियों को भाषा के ज्ञान के साथ शोध और उच्च शिक्षा के लिए भी तैयार करता है. पाठ्यक्रम में कोरियन भाषा और संस्कृति के साथ उससे जुड़े विभिन्न क्षेत्रों की जानकारी दी जाती है, जिससे विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई और रोजगार के लिए बेहतर तैयारी करने में मदद मिलती है.
डॉ. शशि कुमार मिश्रा ने कहा कि सीयूजे का कोरियन भाषा कार्यक्रम विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम कर रहा है. बहुराष्ट्रीय कंपनियों में विद्यार्थियों का चयन और विदेश में उच्च शिक्षा के लिए छात्रवृत्ति मिलना इस दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हैं.
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता यह दर्शाती है कि विदेशी भाषा सीखना केवल भाषा का ज्ञान हासिल करना नहीं है, बल्कि इससे रोजगार और करियर के नए रास्ते भी खुलते हैं.सीयूजे के कोरियन भाषा के विद्यार्थियों की ये उपलब्धियां अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक हैं. इससे यह संदेश मिलता है कि किसी विदेशी भाषा पर मजबूत पकड़, मेहनत और लगन के साथ विद्यार्थी देश ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी उच्च शिक्षा और बेहतर रोजगार के अवसर हासिल कर सकते हैं.

