Chatra : चतरा एसपी अनिमेष नैथानी के निर्देश पर लावालौंग थाना की पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने वाहन जांच अभियान चलाकर ट्रक में छिपाकर रखे 1050 किलोग्राम अवैध डोडा बरामद किया है. बरामद डोडा की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 60 लाख रुपये बताई गई है. पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है. जबकि एक अन्य तस्कर जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया.

ट्रक से ले जाया जा रहा था डोडा
पुलिस के अनुसार, 15 अगस्त को वरीय पुलिस पदाधिकारी को गुप्त सूचना मिली थी कि रांची से बालूमाथ और बगरा होते हुए एक आयशर ट्रक में भारी मात्रा में अवैध डोडा बिहार के रास्ते पंजाब ले जाया जा रहा है. सूचना मिलते ही एसपी अनिमेष नैथानी के निर्देश पर एसडीपीओ सिमरिया नागरगोजे शुभम भाऊसाहेब के नेतृत्व में छापेमारी टीम का गठन किया गया.
टीम ने बगरा से लमटा के बीच वाहन जांच अभियान चलाया. इसी दौरान ट्रक संख्या PB-10JA-1077 को रोककर तलाशी ली गई. जांच के दौरान प्लास्टिक के कैरेट के नीचे छिपाकर रखे गए 85 बोरे डोडा बरामद किए गए. मौके से ट्रक चालक दीपक सिंह (35 वर्षीय, पंजाब निवासी) को गिरफ्तार कर लिया गया. वहीं एक अन्य व्यक्ति जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया.

truck से भारी मात्रा में अवैध डोडा बरामद
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने बताया कि डोडा बुंडू और तमाड़ क्षेत्र से लोड कर पंजाब ले जाया जा रहा था. वहां इसे बड़े तस्कर को बेचने की तैयारी थी. पुलिस के अनुसार, एनडीपीएस एक्ट के तहत डोडा की कमर्शियल क्वांटिटी 50 किलोग्राम है. जबकि इस कार्रवाई में कुल 1050 किलोग्राम डोडा बरामद हुआ है.
मामले को लेकर लावालौंग थाना कांड संख्या 59/26 दर्ज किया गया है. छापेमारी टीम में एसडीपीओ सिमरिया नागरगोजे शुभम भाऊसाहेब, लावालौंग थाना प्रभारी चंदन कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक विधायक प्रसाद यादव, सहायक अवर निरीक्षक वर्षा किस्कु और कुंदा थाना के सशस्त्र बल शामिल थे.