Chatra: चतरा जिले के हंटरगंज थाना क्षेत्र के जजलो गांव स्थित बंद पत्थर खदान से 26 जून को बरामद युवती के शव मामले में चतरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने हत्या के मुख्य अभियुक्त और युवती के प्रेमी राहुल यादव को गिरफ्तार कर लिया है.

एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने बताया कि राहुल गया जिले के शेरघाटी थाना क्षेत्र के कुबड़ी गांव का रहने वाला है. पुलिस ने उसे शेरघाटी इलाके से गिरफ्तार किया. उन्होंने बताया कि इस मामले में पहले ही हत्या को अंजाम देने वाले आरोपी नेपाली गंझू को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है.
इसे भी पढ़ें:
पुलिस जांच में सामने आया कि युवती और राहुल यादव के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था. इस दौरान राहुल ने शादी का झांसा देकर युवती के साथ संबंध बनाए, लेकिन बाद में शादी से साफ इनकार कर दिया. इसके बाद युवती ने राहुल के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कराया था. यह मामला न्यायालय में विचाराधीन था.
जांच में यह भी सामने आया कि राहुल लगातार युवती पर दर्ज मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहा था. हालांकि युवती किसी भी कीमत पर केस वापस लेने को तैयार नहीं थी. इसी बीच न्यायालय में युवती का बयान होने वाला था. राहुल को आशंका था कि यदि युवती अदालत में उसके खिलाफ बयान दे देती है तो उसे सजा हो सकती है.
सजा से बचने के लिए राहुल यादव ने युवती की हत्या की साजिश रची. पुलिस के अनुसार राहुल ने गया जिले के बांकेबाजार थाना क्षेत्र के खरांटी गांव निवासी ओझा नेपाली गंझू को दो लाख रुपये की सुपारी देकर युवती की हत्या कराने की योजना बनाई.
नेपाली ने राहुल से पैसे लेने के बाद जादू टोना से युवती को भस्म करने का आश्वासन दिया था. जब जादू टोना काम नहीं आया तो उसने राहुल के साथ मिलकर युवती की गला घोंटकर हत्या की.
हत्या के बाद शव को जजलो गांव स्थित बंद पत्थर खदान में फेंक दिया गया, ताकि घटना को दुर्घटना या अज्ञात हत्या का रूप दिया जा सके.
घटना के खुलासे के दौरान पुलिस ने पहले नेपाली गंझू को गिरफ्तार किया था. जिसके बाद पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हत्या की पूरी साजिश का खुलासा हुआ. इसके बाद मुख्य साजिशकर्ता राहुल यादव की तलाश शुरू की गई. लगातार छापेमारी के बाद आखिरकार चतरा पुलिस ने उसे शेरघाटी से गिरफ्तार कर लिया.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment