Ranchi (Murder in monetary dispute) : राजधानी रांची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के इंद्रपुरी रोड नंबर-1 में बुधवार देर रात पैसे के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई. मृत युवक का नाम छोटू महतो उर्फ मिथिलेश की मौत हो गई है.
बताया जाता है कि धुर्वा निवासी अभिषेक उर्फ लल्लू का विकास के साथ पहले से पैसे के लेनदेन का हिसाब था. बुधवार की रात वह अपने साथियों के साथ विकास महतो के घर पहुंचा था. घर का गेट बंद देखा तो पहले गेट खुलवाने की कोशिश की.
गेट नहीं खुलने पर अभिषेक उर्फ लल्लू ने घर के बाहर से ही फायरिंग कर दी. अभिषेक द्वारा चलायी गयी गोली विकास के छोटे भाई छोटू महतो को जा लगी. परिवार के सदस्य आनन-फानन में उसे लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत बताया.
घटना की जानकारी सुखदेवनगर थाना की पुलिस को दी गई. पुलिस ने विकास के घर पहुंच कर पूरे मामले की जांच की. साथ ही गोली चलाने के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. अभिषेक के साथ विकास के घर पहुंचे अन्य आरोपियों की तालाश जारी है.