- श्रद्धा-भक्ति के साथ छठ महापर्व का समापन
- उदीयमान भगवान भास्कर को अर्घ्य के साथ छठ महापर्व का समापन
Dhanbad News : उदीयमान भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही सोमवार को कोयलांचल में लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न हो गया . अहले सुबह से ही दामोदर नदी के लाल बंगला घाट, सुदामडीह दामोदर घाट, डोमगढ़ दामोदर घाट, राजा तालाब, बेकारबांध, रानी बांध और पंपू तालाब समेत जिले के विभिन्न छठ घाटों पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा.
छठ के अंतिम दिन घाटों पर आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला. सिर पर सूप-दउरा लेकर घाटों तक पहुंचते श्रद्धालु, छठी मइयां के पारंपरिक गीत और सूर्य देव के जयकारों से पूरा कोयलांचल भक्तिमय हो उठा. सूर्योदय के साथ ही व्रतियों ने जल में खड़े होकर भगवान सूर्य को दूसरा अर्घ्य अर्पित किया और परिवार की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की.
श्रद्धालुओं ने देश में अमन-चैन और सुख-शांति की भी प्रार्थना की. इसके बाद पारण के साथ 36 घंटे के निर्जला उपवास का समापन हुआ. इस दौरान छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा में करीब 1000 महिला और पुरुष जवान तैनात रहे, ताकि छठ महापर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके. महापर्व के दौरान आस्था के साथ सुविधा और स्वास्थ्य का भी ध्यान रखा गया.

उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि मांगी
बुजुर्ग और अस्वस्थ व्रतियों ने घरों में ही बनाया अस्थायी घाट
जिन बुजुर्गों और अस्वस्थ व्रतियों के लिए नदी और तालाबों के घाटों तक पहुंचना संभव नहीं था, उन्होंने अपने घरों की छतों और आंगनों में ही कृत्रिम एवं अस्थायी घाट बनाए. वहीं भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर पूरे विधि-विधान से छठ पूजा संपन्न की. इस तरह घरों में भी छठ की परंपरा और आस्था का उत्साह देखने को मिला.

छठ घाटों पर सुरक्षा का रहा कड़ा पहरा
छठ महापर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की थी. जिले के प्रमुख छठ घाटों पर एक हजार से अधिक पुलिस अधिकारियों और जवानों की तैनाती की गई थी. भीड़ और गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों के साथ ड्रोन की भी मदद ली गई.
गहरे पानी वाले स्थानों को चिह्नित कर बैरिकेडिंग की गई थी. खतरनाक घाटों पर विशेष निगरानी रखी गई, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके. प्रशासन की ओर से किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता के लिए श्रद्धालुओं से 112 पर सूचना देने की अपील की गई थी. वहीं यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए 15 नवंबर से ही शहर के विभिन्न मार्गों पर नो-एंट्री लागू की गई थी.