- चंद्रशेखर आजाद पर साधा निशाना
- बीजेपी के इशारे पर काम करने का आरोप लगाया
Lagatar Desk : बहुजन समाज पार्टी (BSP) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने एक बार फिर EVM से होने वाले चुनाव पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी शुरुआत से ही EVM के जरिए मतदान का विरोध करती रही है. साथ ही मांग की कि देश में EVM से चुनाव कराने की व्यवस्था बंद कर बैलेट पेपर से मतदान कराया जाए.
मायावती ने कहा कि EVM के बजाय बैलेट पेपर से मतादान कराने का मुद्दे को वह सुप्रीम कोर्ट तक ले जा चुकी है. लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने EVM प्रक्रिया को खत्म करने की जगह EVM के साथ एक VVPAT मशीन लगाए जाने की प्रक्रिया लागू करने का आदेश दे दिया.
उन्होंने दावा किया कि EVM के साथ VVPAT के लगाए जाने का कोई भी फायदा नहीं हुआ. इसके पीछे उन्होंने दलील दी कि EVM मशीन से गिनती के दौरान सभी VVPAT के वोटों की गिनती नहीं होती है. इसकी वजह से मतदाताओं के मन की शंकाएं पूरी तरह दूर नहीं हुई है.
मायावती ने मांग की कि देश में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव पर सभी का विश्वास दोबारा कायम हो सके, इसलिए देश में EVM से चुनाव कराने की व्यवस्था बंद कर बैलेट पेपर से मतदान कराया जाए.
#WATCH लखनऊ, उत्तर प्रदेश: बीएसपी सुप्रीमो मायावती ने कहा, "BSP ने शुरू से ही EVM के द्वारा वोटिंग कराने का खुलकर विरोध किया है...BSP ने EVM द्वारा चुनाव की प्रक्रिया को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। परंतु सुप्रीम कोर्ट ने EVM प्रक्रिया को खत्म करने की जगह EVM केसाथ एक VVPAT… pic.twitter.com/Jy9Z81AncA
— ANI_HindiNews (@AHindinews) September 28, 2026
मायावती ने कहा कि संविधान हर नागरिक को मतदान का अधिकार देता है और चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है कि चुनाव स्वतंत्र और निष्पक्ष तरीके से कराए जाएं. मतदाता को यह भरोसा होना चाहिए कि उसका वोट उसी उम्मीदवार या पार्टी के पक्ष में दर्ज और गिना गया है, जिसे उसने चुना है.
मायावती ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को लेकर किसी तरह का संदेह लोकतंत्र में लोगों के विश्वास को प्रभावित कर सकता है. उन्होंने यह भी कहा कि देश में लंबे समय तक बैलेट पेपर से चुनाव होते रहे और मतदान के बाद राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में मतपत्रों की गिनती की जाती थी.
EVM को लेकर बीजेपी के पुराने रुख का जिक्र करते हुए मायावती ने कहा कि बीजेपी जब विपक्ष में था, तब उसने भी EVM की विश्वसनीयता को लेकर सवाल उठाए थे. लेकिन सत्ता में आने के बाद पार्टी ने EVM व्यवस्था को जारी रखा.
#WATCH लखनऊ, उत्तर प्रदेश: बीएसपी सुप्रीमो मायावती ने कहा, "...देश में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव पर सभी का विश्वास दोबारा कायम हो सके इसके लिए बीएसपी की यह मांग है कि EVM से चुनाव तुरंत बंद किया जाए और बैलेट पेपर से ही वोट डालने की प्रक्रिया शुरू हो। SIR को लेकर जो भी भ्रांतियां… pic.twitter.com/6S0GuiajZ0
— ANI_HindiNews (@AHindinews) September 28, 2026
चंद्रशेखर आजाद पर भी साधा निशाना
मायावती ने नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद पर भी निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि नगीना में चंद्रशेखर आजाद का कोई खास जनाधार नहीं था, फिर भी वह चुनाव जीत गए. मायावती ने इस जीत को लेकर EVM में गड़बड़ी का आरोप लगाया और दावा किया कि बीजेपी ने उन्हें चुनाव जिताने में मदद की.
मायावती ने चंद्रशेखर आजाद पर बीजेपी के इशारे पर काम करने का भी आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि वह अधिकारियों से मिलने और धरना-प्रदर्शन के लिए युवाओं को आगे करते हैं, जिसके बाद युवाओं पर मुकदमे दर्ज हो जाते हैं. मायावती ने दलित समाज से अपील की कि वह चंद्रशेखर आजाद के कथित बहकावे में न आए और ऐसे मामलों में सावधानी बरते.
मायावती ने चुनाव प्रक्रिया से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने की भी मांग की. उन्होंने कहा कि लोगों का चुनाव व्यवस्था पर भरोसा बनाए रखने के लिए चुनाव आयोग को उठ रहे सवालों और आशंकाओं को स्पष्ट करना चाहिए. साथ ही, उन्होंने SIR को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करने की भी बात कही.