Search

मानसिक रोगी युवक ने भूली बी ब्लॉक हनुमान मंदिर में प्रतिमा खंडित की, लोगों में आक्रोश

खंभे से बांधा गया युवक

Dhanbad : धनबाद के भूली बी ब्लॉक में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं ने मंदिर में स्थापित हनुमान जी की प्रतिमा को खंडित अवस्था में देखा.

 

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मंदिर परिसर में जुट गयी. लोगों को वहां मौजूद एक युवक पर संदेह गया. लोगों ने उसे पकड़ कर पूछताछ की, तो उसने प्रतिमा क्षतिग्रस्त करने की बात स्वीकार कर ली.

 

इसके बाद लोगों ने उसे मंदिर के पास एक खंभे से बांध दिया और पुलिस को सूचना दी.सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर थाना ले गयी. युवक की पहचान भूली पंचवटी निवासी रविंद्र कुमार के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार वह लंबे समय से मानसिक बीमारी से पीड़ित है. 

 

 मंदिर के पुरोहित और स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि रविंद्र कुमार पहले भी कई बार मंदिर में घुसकर प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर चुका है .

 

उनका कहना है कि युवक का व्यवहार अक्सर असामान्य रहता है और वह आसपास के लोगों, खासकर महिलाओं के साथ अभद्रता और छेड़छाड़ जैसी हरकतें कर चुका है.

 

मंदिर समिति और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि युवक का समुचित इलाज कराया जाये. उसे किसी मानसिक आरोग्य केंद्र में भर्ती कराया जाये ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो. लोगों ने मंदिर में नया हनुमान प्रतिमा स्थापित कराने की भी मांग उठाई है.

 

 युवक के परिजनों का कहना है कि रविंद्र कुमार पिछले 15 वर्षों से मानसिक बीमारी से जूझ रहा है. उसका इलाज रांची स्थित मानसिक आरोग्यशाला में भी कराया गया था, लेकिन उसकी स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हो पाया.

 

परिजनों ने बताया कि उसका व्यवहार अक्सर अनियंत्रित हो जाता है जिसके कारण उसे संभालना काफी मुश्किल हो गया है.घटना के बाद कुछ देर के लिए इलाके में तनाव का माहौल बन गया था लेकिन पुलिस की तत्परता से स्थिति सामान्य हो गयी. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.   

 

 Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय  साझा करें 

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

बेहतर न्यूज़ अनुभव
ब्राउज़र में ही
//