मिशन 2024 : 30 मई से एक्शन मोड में उतरेगी भाजपा, रणनीति तैयार
Ranchi : 2024 के लोकसभा चुनाव में अब साल भर से भी कम समय बचा है. ज्यादा से ज्यादा सीटें जीतने के लिए राजनीतिक दलों ने संसदीय सीटों पर होमवर्क कर लिया है. झारखंड में लोकसभा की 14 सीटें हैं. इनमें से 12 एनडीए के कब्जे में है. भाजपा 11 सीटों पर काबिज है, जबकि एक सहयोगी आजसू के पास है. एक सीट कांग्रेस और एक सीट झामुमो के कब्जे में है. पुरानी जीती हुई सीटों को फिर से जीतने और हारी हुई सीटों को पाने के लिए भाजपा ने रणनीति तैयार की है. भाजपा की प्रदेश इकाई के साथ-साथ पार्टी की केंद्रीय टीम भी हारी हुई सीट राजमहल और सिंहभूम में मेहनत कर रही है. कमजोर सीटों को भी चिह्नित कर चुनाव जीतने की रणनीति बनाई गई है. 10 हजार से कम वोटों से जीती हुई सीट खूंटी और लोहरदगा लोकसभा क्षेत्र में भी बूथों को मजबूत किया जा रहा है. पार्टी के प्रदेश और केंद्रीय पदाधिकारी लगातार इन क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं. मोदी सरकार के 9 साल पूरे होने पर 30 मई से भाजपा मिशन मोड पर काम करने वाली है. देशभर में पार्टी 30 दिनों का महासंपर्क अभियान चलाएगी. झारखंड में भी इसे लेकर तैयारी पूरी कर ली गई है. इस अभियान के तहत भाजपा अपने पार्टी कार्यकर्ताओं के माध्यम से समाज के हर वर्ग और हर घर में पहुंचने की रणनीति बनाई है. हर लोकसभा क्षेत्र में विशाल जनसभा की जाएगी. लोकसभा और विधानसभा स्तर पर सम्मेलन होगा. समाज के हर वर्ग को साधने और हर घर तक मोदी सरकार की उपलब्धियों को लेकर जाने की योजना है.

Leave a Comment