- -दिल्ली की बैठक में झामुमो-कांग्रेस के बीच सीटों को लेकर करीब-करीब बन चुकी है सहमति
- -कांग्रेस के हिस्से में आयेगी 7 सीटें, कांग्रेस अपने हिस्से से पलामू राजद को देगी
Kaushal Anand Ranchi : झारखंड में इंडिया गठबंधन का खाका करीब-करीब तैयार कर लिया गया है. पिछले दिनों दिल्ली में हुई बैठक में झामुमो और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे का फॉर्मूला भी तैयार कर लिया गया है. इसके तहत दोनों दल अपने-अपने हिस्से सात-सात सीटें रखेंगी. जिसमें दोनों दल एक-एक सीट राजद और वामदल को देंगे. अगर कांग्रेस की बात को करें तो उनके हिस्से आनी वाली छह सीटों को लेकर टिकट चाहने वाले नेताओं की लॉबिंग तेज हो गयी है. अपने-अपने स्तर से पार्टी आलकमान के समक्ष अपनी-अपनी गोटियां सेट करने में जुट गये हैं. कुछ सीट से दो जबकि कुछ सीटों से तीन-तीन, चार-चार दावेदार सामने आ रहे हैं. उम्मीद जतायी जा रही है कि फरवरी के अंत या मार्च के पहले सप्ताह तक सीट और प्रत्याशियों का औपचारिक एलान हो जायेगा.
अंतिम पारी के रूप में रांची से सुबोधकांत का नाम करीब तय
रांची सीट एक बार से फिर से कांग्रेस के हिस्से में आयी है. रांची से वैसे तो दो लोगों का नाम है, जिसमें पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व रांची से सांसद सुबोधकांत सहाय और कुरमी नेता केशव महतो कमलेश का नाम है. मगर रांची से सुबोधकांत सहाय को टिकट मिलना करीब-करीब तय है. ऐसा माना जा रहा है कि सुबोधकांत सहाय का यह अंतिम पारी ही होगी. सुबोधकांत सहाय ने इसके संकेत पार्टी नेतृत्व को दे दिये हैं. इसलिए सुबोधकांत सहाय को टिकट मिलने पर कहीं कोई किंतु-परंतु नजर नहीं आ रहा है. बताते चलें कि सुबोधकांत सहाय रांची से दो बार लगातार 2014 और 2019 में लोस चुनाव हार चुके हैं.
गोड्डा में प्रदीप यादव और दीपिका के बीच कड़ी टक्कर
गोड्डा संसदीय सीट भी कांग्रेस के हिस्से में आयी है. इस सीट से पौड़याहाट विधायक प्रदीप यादव का नाम सबसे ऊपर है. मगर इस सीट से महगामा विधायक दीपिका सिंह पांडेय भी जोर आजमाइश में जुटी हैं. मगर पलड़ा प्रदीप यादव का ही भारी है. गत लोकसभा चुनाव में भी कांग्रेस ने झाविमो (झारखंड विकास मोर्चा) प्रत्याशी के रूप में प्रदीप यादव के लिए गोड्डा सीट छोड़ दी थी.
धनबाद में कड़ी प्रतिस्पर्धा
सबसे कड़ी प्रतिस्पर्धा धनबाद सीट को लेकर है. इसमें दो नहीं चार-चार दावेदार सामने आ रहे हैं. इसमें पूर्व सांसद ददई दूबे, अजय दुबे, विजय सिंह, अशोक सिंह और पूर्व मंत्री मन्नान मल्लिक के नाम शामिल हैं. अब अंतिम समय में कौन बाजी मारता है. यह देखने वाली बात होगी. ददई दुबे और मन्नान मल्लिक के साथ उनकी बढ़ती उम्र सबसे बड़ी बाधा बनकर सामने आ रही है.
चतरा में दो अन्य नेताओं की हो चुकी है इंट्री
चतरा में सबसे बड़े दावेदार हमेशा से ही धीरज प्रसाद साहू रहे हैं, मगर गत लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने मनोज कुमार यादव को चुनाव मैदान में उतार दिया था. इस बार चतरा में धीरज साहू के साथ-साथ दो अन्य नेता जयशंकर पाठक और डालटनगंज के पूर्व विधायक व पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी भी ताल ठोक रहे हैं.
कांग्रेस के हिस्से आयी सीट पर संभावित प्रत्याशियों के नाम
- - गोड्डा : प्रदीप यादव, दीपिका सिंह पांडेय
- - धनबाद : ददई दूबे, अजय दूबे, विजय सिंह, अशोक सिंह, मन्नान मल्लिक
- - रांची : सुबोधकांत सहाय, केशव महतो कमलेश
- - चाईबासा : गीता कोड़ा
- - खूंटी : काली चरण मुंडा, प्रदीप बलमुचू
- - चतरा : धीरज प्रसाद साहू, जयशंकर पाठक, केएन त्रिपाठी
- - पलामू : कोई नहीं (यह सीट कांग्रेस राजद को देगी)
[wpse_comments_template]
Leave a Comment