Search

 
 
 

MLC चुनाव : नामांकन से पहले JDU प्रत्याशी नीरज कुमार ने बताया चुनाव का असली मुद्दा, अनंत सिंह पर साधा निशाना

Lagatar Desk : नीरज कुमार ने अनंत सिंह के उस बयान पर भी प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने कहा था कि वह नीरज कुमार को चुनाव हरा देंगे. इस पर नीरज कुमार ने कहा कि व्यक्ति से बड़ी पार्टी होती है और पार्टी से भी बड़ा गठबंधन होता है.
 
नीरज कुमार

Lagatar Desk :   पटना स्नातक सीट से जेडीयू के एमएलसी प्रत्याशी नीरज कुमार ने नामांकन दाखिल करने से मीडिया से बातचीत की और एनडीए की जीत का दावा किया. नीरज कुमार ने कहा कि एनडीए आठ सीटों पर चुनाव लड़ रहा है और सभी सीटों पर जीत हासिल करेगा. 

 

उन्होंने कहा कि इस चुनाव में असली मुद्दा बिहार के विकास का मॉडल है. उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि क्या चुनाव में नालंदा इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी का मॉडल चलेगा या नालंदा स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी का मॉडल चलेगा या फिर चरवाहा विद्यालय का मॉडल चलेगा. कहा कि असली लड़ाई इन्हीं विकास के मॉडलों के बीच है. 

 

 

अनंत सिंह के बयान पर नीरज कुमार का पलटवार

नीरज कुमार ने अनंत सिंह के उस बयान पर भी प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने कहा था कि वह नीरज कुमार को चुनाव हरा देंगे. इस पर नीरज कुमार ने कहा कि व्यक्ति से बड़ी पार्टी होती है और पार्टी से भी बड़ा गठबंधन होता है.

 

उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बिहार की राजनीति का सबसे बड़ा पावर सेंटर बताया. नीरज कुमार ने कहा कि नीतीश कुमार के साथ समाज के हर वर्ग के लोग जुड़े हैं और इससे बड़ी राजनीतिक ताकत उनके लिए कुछ नहीं हो सकती.

 

नीतीश मेरे लिए सिर्फ नेता नहीं, राजनीतिक मापदंड हैं

जेडीयू प्रत्याशी ने अंनत सिंह के उस बयान पर भी पलटवार किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि अगर नीतीश कुमार उन्हें मानते तो वह उनकी बात मान लेते. नीरज कुमार ने कहा कि नीतीश कुमार उनके लिए सिर्फ एक नेता नहीं, बल्कि राजनीतिक मापदंड हैं.

 

उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के बारे में इस तरह की टिप्पणी करना या यह उम्मीद करना कि वह किसी व्यक्ति को मानें या न मानें, उचित नहीं है. उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार का आशीर्वाद ही उनकी सबसे बड़ी राजनीतिक पूंजी है.

 

पार्टी हमारे लिए सबसे ऊपर

जेडीयू प्रत्याशी ने कहा कि वह जनता दल यूनाइटेड में हैं और उनके लिए पार्टी सबसे ऊपर है. उन्होंने कहा कि पार्टी मां की तरह होती है, इसलिए पार्टी के अंदर किसी व्यक्ति के साथ मतभेद को वह व्यक्तिगत लड़ाई का रूप नहीं देना चाहते हैं.  उन्होंने साफ किया कि उनका पूरा फोकस पार्टी, एनडीए गठबंधन और नीतीश कुमार के नेतृत्व पर है. 

 

ललन सिंह को लेकर भी दिया जवाब

केंद्रीय मंत्री और जेडीयू सांसद ललन सिंह को लेकर पूछे गए सवाल पर नीरज कुमार ने कहा कि ललन सिंह पार्टी के वरिष्ठ नेता और सांसद हैं. पार्टी ने जब अपना फैसला कर लिया है तो वह पार्टी के साथ ही रहेंगे.

 

वहीं, चुनाव में अपनी जीत को लेकर नीरज कुमार ने कोई सीधा दावा नहीं किया. उन्होंने कहा कि वह ज्योतिषी नहीं हैं, इसलिए जीत-हार की भविष्यवाणी नहीं कर सकते है. हालांकि, नामांकन के दौरान जुटे समर्थकों और लोगों की भीड़ को देखकर उन्होंने अपना आत्मविश्वास जरूर जाहिर किया. 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही