Ranchi: खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन अधिनियम, 2026 ने झारखंड सरकार की चिंता बढ़ा दी है. राज्य के खान एवं भूतत्व विभाग की ओर से मुख्यमंत्री के समक्ष दिए गए प्रस्तुतीकरण में आशंका जतायी गयी है कि नए कानून के प्रावधानों से झारखंड खनिज धारित भूमि उपकर (JMBL Cess) की वसूली प्रभावित हो सकती है. इससे राज्य को सालाना करीब 13 हजार करोड़ रुपये के राजस्व का नुकसान होने का अंदेशा है. इसका असर मंईयां सम्मान योजना समेत सरकार की कई कल्याणकारी और विकास योजनाओं पर पड़ सकता है.
विभाग के अनुसार, 17 अगस्त 2026 को राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद लागू हुए संशोधन में खनिज धारित भूमि को केंद्रीय कानून के दायरे में शामिल किया गया है. अधिनियम की धारा 2 और 9D के तहत खनिज अधिकारों तथा खनिज युक्त भूमि पर राज्य की ओर से लगाए जाने वाले कर और उपकर केंद्र द्वारा निर्धारित शर्तों के अधीन होंगे. विभाग ने पुराने बकाये की वसूली पर भी कानूनी अड़चन की आशंका जतायी है.
खनिज उपकर से बढ़ी थी राज्य की आय
सुप्रीम कोर्ट की संविधान पीठ के 25 जुलाई 2024 के फैसले के बाद झारखंड विधानसभा ने अक्टूबर 2024 में JMBL Cess Act लागू किया था. विभागीय आंकड़ों के मुताबिक, इस उपकर से 2024-25 में 1,379 करोड़ और 2025-26 में 7,488 करोड़ रुपये मिले. चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में अप्रैल से सितंबर तक 5,646 करोड़ रुपये की वसूली हुई है. पूरे वित्तीय वर्ष में 13,215 करोड़ रुपये राजस्व का अनुमान रखा गया था.
विभागीय रिपोर्ट के अनुसार, राज्य के अपने गैर-कर राजस्व में खनन क्षेत्र की हिस्सेदारी करीब 85 प्रतिशत है. इस आय से मंईयां सम्मान योजना के अलावा स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और ग्रामीण विकास की योजनाओं को वित्तीय सहायता मिलती है. ऐसे में खनिज उपकर की वसूली प्रभावित होने पर राज्य के बजट पर दबाव बढ़ सकता है.
1.40 लाख करोड़ से अधिक के दावे भी लंबित
विभाग ने खनन कंपनियों और सार्वजनिक उपक्रमों पर राज्य के पुराने बकाये का भी उल्लेख किया है. इसमें भूमि मुआवजे के करीब 1,01,142 करोड़, अवैध खनन के लिए 32 हजार करोड़ और धुले कोयले की रॉयल्टी के 2,900 करोड़ रुपये शामिल हैं. इन मदों को मिलाकर कुल दावा करीब 1.40 लाख करोड़ से 1.48 लाख करोड़ रुपये के बीच बताया गया है.
राज्य सरकार का तर्क है कि खनन के कारण झारखंड को विस्थापन, पर्यावरणीय क्षति और प्रदूषण जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है. इसलिए खनिज संपदा से होने वाली आय का उपयोग खनन प्रभावित क्षेत्रों के विकास में जरूरी है. सरकार ने राज्यों की वित्तीय और विधायी स्वायत्तता का सम्मान करने तथा खनिज उत्पादक राज्यों से परामर्श के बाद निर्णय लेने की जरूरत बतायी है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.
