Search

 
 
 

मोदी को चुनौतियों को टालना नहीं, बल्कि उससे टकराना आता है, कोडरमा में बोले पीएम

 
  • कांग्रेस की कमजोर सरकारों ने देश को नक्सलवाद की आग में झोंका
  • पूरे देश में सिकुड़ गया है नक्सलवाद का दायरा
  • तबाह नहीं होने दूंगा नौजवानों की जिंदगी
  • किसी भी मां की कोख सूनी नहीं होगी
  • पूरा आदिवासी बेल्ट खून खराबे से होगा मुक्त
Ranchi :    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि मोदी को चुनौतियों को टालना नहीं बल्कि उससे टकराना आता है. जब, फौलादी हौसला हो तो बड़े से बड़ी चुनौती भी चरण चूमने लग जाती है. आज पूरे देश में नक्सलवाद का दायरा बहुत सिकुड़ गया है. मैं कोडरमा की धरती से सभी देशवासियों को गारंटी देता हूं कि आतंक हो, या नक्सलवाद मोदी अपने तीसरे कार्यकाल में इन पर बहुत प्रहार करने का संकल्प ले चुका है. कहा कि मोदी झारखंड को फिर से नक्सलवाद का गढ़ नहीं बनने देगा. मैं नौजवानों की जिंदगी तबाह नहीं होने दूंगा. मांओं की कोख सूनी नहीं होगी. पूरा आदिवासी बेल्ट खून खराबे से मुक्त होगा. ये मोदी की गारंटी है. पीएम मोदी मंगलवार को कोडरमा लोकसभा क्षेत्र के बगोदर विधानसभा क्षेत्र की पेशम पंचायत के अड़वारा मैदान में महाविजय संकल्प सभा को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने कहा कि कांग्रेस की कमजोर सरकारों ने देश को नक्सलवाद की आग में झोंका. इस आग में वामपंथियों ने भी अपनी रोटियां सेकीं.

बीजेपी सरकार ने नक्सली हिंसा में लगायी लगाम

पीएम ने कहा कि बीजेपी सरकार ने देश में नक्सली हिंसा पर लगाम लगायी. जब देश में मजबूत सरकार होती है, तो वो सबसे पहले देश का हित देखती है. देश के लोगों का हित देखती है, लेकिन जब देश में कांग्रेस जैसी कमजोर सरकार होती है, तो वो देश को भी कमजोर कर देती है. ऐसी कमजोर सरकार कभी भी देशवासियों का भला नहीं कर सकती. उन्होंने कहा कि देशवासियों से कहूंगा कि आपने जितना सुना है, झुमरी तिलैया उससे ज्यादा सुंदर है. मैं सीधा काशी से आपके बीच आया हूं. आने में विलंब के लिए माफी चाहता हूं. मुझे बताया गया कि आपमें से बहुत लोग सुबह साढ़े 8 बजे ही आकर बैठ गये थे. मैं काशी से भगवान विश्वनाथ का आशीर्वाद लेकर आया हूं. नामांकन दाखिल करने के बाद यह मेरी पहली जनसभा है. मैं देख रहा हूं कि काशी हो या कोडरमा, या गिरिडीह, एक ही बात ही गूंज रही है, फिर एकबार मोदी सरकार.

काशी के लिए मैं पीएम नहीं, एमपी हूं

पीएम ने कहा कि काशी के लिए मैं पीएम नहीं, एमपी हूं. कोडरमा और गिरिडीह वालों को भी यही समझकर वोट डालना है. मोदी ही आपका एमपी है. मोदी ही आपका पीएम है. कोडरमा से बहन अन्नपूर्णा देवी और गिरिडीह से आजसू से साथी चंद्रप्रकाश चौधरी, दोनों को आप भारी बहुमत से जिताकर दिल्ली भेजियेगा. आपका एक-एक वोट देश में तीसरी बार मोदी की मजबूत सरकार बनायेगा. दिलीप कुमार वर्मा को भी गांडेय विधानसभा से जिताना है.

मैं आपकी तस्वीर ले लूंगा, नाम और पता लिख दो

जब जनसभा में उपस्थित लोग तरह-तरह की पेंटिंग्स बनाकर लाये थे, जिसे पीएम को दिखाने के लिए वह अपने हाथों में लिये खड़े थे. इसी बीच पीएम मोदी की नजर एक बच्चे पर गयी. जो हाथ में तस्वीर लिए खड़ा था. उसने खुद से वह तस्वीर बनायी थी. पीएम ने मंच से तुरंत उस बच्चे को कहा कि बेटा आप बैठ जाओ, थक जाओगे. आपने जो तस्वीर बनाकर लायी है, उसपर मेरी नजर चली गयी है. मैं वह तस्वीर ले लूंगा. उन्होंने तुरंत एसपीजी की टीम को आदेश दिया कि आप बच्चे से उसकी बनायी पेटिंग को ले लीजिये. इसके बाद पीएम ने बच्चे से कहा कि आप अपना नाम और पता उस तस्वीर के पीछे जरूर लिखना. [wpse_comments_template]  
Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही