Dhanbad News: सरायढेला थाना क्षेत्र के कोयला नगर स्थित बीसीसीएल के बंद क्वार्टर को चोरों ने निशाना बनाते हुए करीब 9 लाख रुपये नकद और 9 लाख रुपये से अधिक कीमत के सोने के आभूषण चोरी कर लिए. चोरी की इस वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. पीड़ित की बेटी की दिसंबर में शादी होनी है और इसी के लिए परिवार ने नकदी और आभूषण जुटाकर रखे थे.
इसे भी पढ़ें:
बताया जाता है कि कोयला नगर के बीसीसीएल क्वार्टर नंबर 135, बी-टाइप में रहने वाले वासुदेव बैठा बीसीसीएल धनसार में इलेक्ट्रिकल फोरमैन के पद पर कार्यरत हैं. वह अपने पूरे परिवार के साथ निजी काम से अपने पैतृक गांव गिरिडीह गए हुए थे. इसी दौरान सोमवार की देर रात चोरों ने बंद क्वार्टर को निशाना बनाया.
वारदात के दौरान चोरों ने पड़ोसियों के घरों की बाहर से कुंडी लगा दी ताकि वे बाहर न निकल सकें और चोरी की भनक किसी को न लगे. इसके बाद घर के अंदर प्रवेश कर चोरों ने तीन अलमारियों को खंगाला और उनमें रखी नकदी व सोने के आभूषण लेकर फरार हो गए.
घर लौटने पर परिवार को चोरी की जानकारी हुई. पीड़ित वासुदेव बैठा के अनुसार उनकी बेटी की शादी दिसंबर में होनी है. शादी को लेकर परिवार की तैयारियां चल रही थीं. इसी सिलसिले में करीब 9 लाख रुपये नकद और 9 लाख रुपये से अधिक कीमत के सोने के आभूषण घर में रखे गए थे.
चोरों ने शादी के लिए जुटाई गई पूरी रकम और आभूषण लेकर फरार हो गए. घटना की जानकारी सरायढेला थाना को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच पड़ताल में जुट गई.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

