Search

Advertisement
Advertisement
Advertisement

मॉस्को : इस्लामिक स्टेट के आतंकवादियों का हमला, 115 लोगों की मौत, 145 घायल, पीएम मोदी, खड़गे ने निंदा की

 Moscow : रूस की राजधानी मॉस्को में एक बड़े समारोह स्थल पर हमलावरों द्वारा अंधाधुंध गोलीबारी किये जाने से मृतकों की संख्या बढ़ कर 115 पर पहुंच गयी है. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. हमलावरों ने गोलीबारी के बाद समारोह स्थल को आग लगा दी. इस्लामिक स्टेट आतंकवादी समूह ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है. रूस की सरकारी समाचार एजेंसी तास के अनुसार, संघीय सुरक्षा सेवा के प्रमुख ने शनिवार को राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को बताया कि हिरासत में लिये गये 11 लोगों में से चार लोग सीधे इस हमले में शामिल थे. शुरुआत में  60 लोगों की मौत होने और 145 से अधिक लोगो के घायल होने  की खबर आयी थी. कुछ दिन पहले ही देश में हुए चुनाव में जीत हासिल कर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने सत्ता पर अपनी पकड़ को और मजबूत किया था.                   ">https://lagatar.in/category/desh-videsh/">

    नेशनल खबरों के लिए यहां क्लिक करें   
 

इस्लामिक स्टेट समूह ने हमले की जिम्मेदारी ली

इस्लामिक स्टेट समूह ने सोशल मीडिया पर संबद्ध चैनलों पर साझा किये गये एक बयान में हमले की जिम्मेदारी ली. इस्लामिक स्टेट समूह ने अपनी समाचार एजेंसी अमाक द्वारा साझा किये गये एक बयान के जरिए कहा कि उसने मॉस्को के बाहरी इलाके क्रास्नोगोर्स्क में ईसाइयों की एक बड़ी सभा पर हमला किया, जिसमें सैकड़ों लोग मारे गये और घायल हो गये. फिलहाल दावे की प्रामाणिकता सत्यापित नहीं की जा सकी है लेकिन एक अमेरिकी खुफिया अधिकारी ने एसोसिएटेड प्रेस को बताया कि अमेरिकी खुफिया एजेंसी को पता चला था कि अफगानिस्तान में इस्लामिक स्टेट समूह की शाखा मॉस्को में हमले की योजना बना रही थी और उन्होंने रूसी अधिकारियों के साथ जानकारी साझा की थी.

पिछले दो दशक का सबसे भीषण आतंकी हमला

अभी यह स्पष्ट नहीं है कि छापे के बाद हमलावरों का क्या हुआ. इसे रूस में पिछले दो दशक में हुआ सबसे भीषण आतंकी हमला माना जा रहा है. यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब देश का यूक्रेन के साथ युद्ध तीसरे साल भी जारी है. मॉस्को के मेयर सर्गेई सोबयानिन ने हमले को बहुत बड़ी त्रासदी बताया. रूस के राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास क्रेमलिन ने बताया कि हमलावरों के क्रोकस सिटी हॉल में हमला करने के कुछ ही मिनट बाद पुतिन को इस बारे में सूचित कर दिया गया था.

रूसी रॉक बैंड पिकनिक के संगीत कार्यक्रम में लोग शामिल होने पहुंचे थे

यह हॉल मॉस्को के पश्चिमी छोर पर स्थित एक बड़ा संगीत स्थल है, जिसमें 6,200 लोग बैठ सकते हैं. यह हमला तब हुआ जब क्रोकस सिटी हॉल में प्रसिद्ध रूसी रॉक बैंड पिकनिक के एक संगीत कार्यक्रम में शामिल होने के लिए लोगों की भीड़ जमा थी. राज्य की शीर्ष आपराधिक जांच एजेंसी जांच समिति ने शनिवार तड़के बताया कि इस हमले में 60 से अधिक लोगों की मौत हो गयी. स्वास्थ्य अधिकारियों ने 145 घायलों की सूची जारी की जिनमें से 115 अस्पताल में भर्ती हैं. इनमें पांच बच्चे भी शामिल हैं.

पीएम मोदी ने पीड़ितों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की

प्रधानमंत्री मोदी ने रूस पर हुए आतंकवादी हमले की निंदा की. पीएम ने आज शनिवार को कहा कि भारत दुख की इस घड़ी में रूस सरकार और उसके लोगों के साथ एकजुटता से खड़ा है.  पीएम मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, हम मॉस्को में हुए जघन्य आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा करते हैं. हम पीड़ितों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हैं. भारत दुख की इस घड़ी में रूस की सरकार और लोगों के साथ एकजुटता से खड़ा है.

खड़गे ने कहा, आतंकवाद मानवता और शांति के लिए सबसे बड़ा खतरा

कांग्रेस ने भी मॉस्को में हुए कायरतापूर्ण आतंकवादी हमले की निंदा की है. कहा कि पार्टी दृढ़ता से रूस के लोगों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, कांग्रेस मॉस्को में निर्दोष लोगों पर हुए कायरतापूर्ण आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा करती है. आतंकवाद मानवता और शांति के लिए सबसे बड़ा खतरा है.  उन्होंने कहा, हमारी संवेदनाएं पीड़ितों के परिवारों के साथ है और दुख की इस घड़ी में हम दृढ़ता से रूस के लोगों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं. [wpse_comments_template]  

Comments

Leave a Comment

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही