Search

 
 
 

रांची से लापता मां-बेटी बिहार के आरा से सकुशल बरामद, फिरौती कॉल से मचा था हड़कंप

दोनों के अचानक गायब होने और उसके बाद एक लाख रुपये की फिरौती मांगने वाले फोन आने से परिवार के साथ-साथ पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया था. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से जांच में जुटी है.
 

Ranchi :  राजधानी रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हुई मां-बेटी को पुलिस ने बिहार के आरा जिले से सकुशल बरामद कर लिया है.

 

दोनों के अचानक गायब होने और उसके बाद एक लाख रुपये की फिरौती मांगने वाले फोन आने से परिवार के साथ-साथ पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया था. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से जांच में जुटी है.

 

जानकारी के मुताबिक झारखंड पुलिस में कार्यरत सुधीर कुमार सिंह की पत्नी सुनीता देवी और उनकी 19 वर्षीय बेटी काजल कुमारी शनिवार को अचानक घर से लापता हो गई थीं.

 

काफी खोजबीन के बाद भी दोनों का पता नहीं चलने पर सुधीर कुमार सिंह ने धुर्वा थाना में गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज कराई थी. मां-बेटी की तलाश के लिए परिवार की ओर से पोस्टर भी जारी किया गया था.

 

मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और तकनीकी जांच के आधार पर दोनों को बिहार के आरा जिले से सकुशल बरामद कर लिया गया.

 

हटिया डीएसपी नीरज कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में अपहरण की बात सामने नहीं आई है. हालांकि मां-बेटी किन परिस्थितियों में बिहार पहुंचीं, इसकी पड़ताल की जा रही है.

 

डीएसपी ने बताया कि इसी दौरान परिवार को एक अज्ञात व्यक्ति की ओर से लगातार फोन कर एक लाख रुपये की फिरौती मांगी जा रही थी. कॉल सुधीर कुमार सिंह और उनके बेटे के मोबाइल पर किए गए थे. जिस नंबर से धमकी और फिरौती की मांग की गई, पुलिस उसकी जांच कर रही है.

 

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि हाल के दिनों में मां-बेटी साइबर अपराधियों के संपर्क में आई थीं और उनसे करीब 80 हजार रुपये की ठगी हुई थी. ऐसे में पुलिस इस पूरे घटनाक्रम को साइबर अपराध के एंगल से भी जोड़कर जांच कर रही है.

 

फिलहाल मां-बेटी सुरक्षित हैं. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें. 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही