Shambhu Kumar
Chaibasa News: सिंहभूम की सांसद जोबा माझी ने शनिवार की शाम चक्रधरपुर स्थित श्री श्री कपड़ा पट्टी दुर्गा पूजा समिति के पूजा पंडाल का फीता काटकर विधिवत उद्घाटन नौ कुंवारी कन्याओं की उपस्थिति में किया. इस दौरान उन्होंने मां दुर्गा के दर्शन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की. उद्घाटन के मौके पर पूजा समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने सांसद का स्वागत किया. सांसद जोबा माझी श्री श्री कपड़ा पट्टी दुर्गा पूजा समिति की संरक्षक हैं.
इसे भी पढ़ें:
पंडाल उद्घाटन के दौरान उन्होंने पूजा समिति के सदस्यों से मुलाकात की और दुर्गा पूजा के आयोजन को लेकर उनका उत्साह बढ़ाया. उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा हमारी आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण पर्व है. यह त्योहार समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और एकता का संदेश देता है. ऐसे आयोजनों से लोगों के बीच मेल-मिलाप बढ़ता है और सामाजिक सद्भाव मजबूत होता है.
उन्होंने पूजा समिति के सदस्यों और स्थानीय लोगों को दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं देते हुए पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और हर्षोल्लास के साथ मनाने की अपील की. उन्होंने कहा कि मां दुर्गा की आराधना हमें बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश देती है. सभी लोग मिल-जुलकर त्योहार मनाएं और आपसी भाईचारे की परंपरा को बनाए रखें. इस अवसर पर शिवकुमार दीक्षित, मनोज भंसाली, संतोष मिश्रा, उदय माझी, प्रह्लाद मोहता, कुसो दत्ता, प्रो. शिवपूजन सिंह, प्रो. रामनाथ प्रसाद, महेश साव, अमर साव, तापस दे, राम प्रकाश साहू, पवन शर्मा, बबला शर्मा, हरि राम शर्मा, विक्रम अग्रवाल, सोनू सिंह, विकास मिश्रा समेत अन्य लोग उपस्थित थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

