Lagatar Desk
गोड्डा के सांसद निशिकांत दुबे देश के पूर्व वित्त सचिव सुभाष गर्ग पर मुकदमा करेंगे. सुभाष गर्ग पर मानहानी मुकदमा करने की बात उन्होंने एक्स पर अपने एक ट्विट में कहा है. सुभाष गर्द मार्च 2019 से जून 2019 तक भारत सरकार में वित्त मंत्रालय के सचिव थे. इसके अलावा वह जुलाई 2017 से जुलाई 2019 तक आर्थिक मामलों के सचिव भी थे. जिसके बाद उन्हें ऊर्जा मंत्रालय में स्थानांतरित किया गया था, तब उन्होंने वीआरएस ले ली थी.
दोनों के बीच विवाद तब सामने आया जब हाल ही में पूर्व वित्त सचिव सुभाष गर्ग ने देश की जीडीपी 7.8 प्रतिशत के आंकड़े पर सवाल उठाया, तो दुबे ने उन्हें लेकर कहा- "बौरा गए हैं." साथ ही यह बताया कि उनकी अज्ञानता की वजह से ही सरकार ने उन्हें वित्त सचिव पद से हटा दिया था.
"पिछले दिनों एक पॉडकास्ट में सुभाष गर्ग ने निशिकांत दुबे पर कई आरोप लगाये. साथ ही निशिकांत दुबे को 'इंसाइडर पर्सपेक्टिव' बताया. गर्ग ने कहा कि जब वह वित्त सचिव थे, तब निशिकांत दुबे उनके पास कुछ फ़ाइल या मामले लेकर आए थे, जिसे उन्होंने कंपनियों के लिए लॉबिंग व दलाली के तौर पर देखा. गर्ग का इशारा था कि कुछ सांसद बड़ी कंपनियों के हित में काम करते हैं और ऐसे मामलों को अधिकारियों के पास ले जाते हैं."
अब निशिकांत दुबे ने एक्स पर किये ट्विट में कहा है कि वह गर्ग के खिलाफ मुकदमा करेंगे. उन्होंने लिखा है- वह साल 2009 से सांसद हैं. अब तक किसी भी मंत्रालय में नहीं गए, क्योंकि प्रोटोकोल में सांसद मंत्रालय के सचिव से ऊपर होते हैं. उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी दोनों के बीच विवाद हुए हैं. साल 2018 में निशिकांत दुबे ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर सुभाष गर्ग की आर्थिक नीति की आलोचना की थी.