Ranchi : शहर के सुनियोजित विकास, नागरिक सुविधाओं के विस्तार एवं निगम की संपत्तियों के बेहतर प्रबंधन को लेकर नगर आयुक्त सुशांत गौरव की अध्यक्षता बैठक हुई. यह बैठक भू-संपदा शाखा एवं एलआरडीसी के साथ की गई. बैठक में उप नगर आयुक्त रविंद्र कुमार, एलआरडीसी मुकेश कुमार, नगर प्रबंधक एवं भू-संपदा शाखा के अन्य कर्मी उपस्थित थे.
बैठक में नगर आयुक्त ने शहर में विभिन्न प्रयोजनों से अब तक अधिग्रहित की गई भूमि का विस्तृत ब्योरा संकलित कर नगर निगम को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि लैंड एक्विजिशन ऑफिसर के साथ समन्वय स्थापित करते हुए भूमि अधिग्रहण से संबंधित सभी अभिलेखों एवं विवरणों की जानकारी प्राप्त की जाए, ताकि अधिग्रहित भूमि की वर्तमान स्थिति, उपलब्धता एवं उपयोगिता का समुचित आकलन किया जा सके.
नगर आयुक्त ने मांगी विस्तृत सूची
बैठक के दौरान यह भी बताया गया कि वर्तमान में रांची नगर निगम के पास ऐसी भूमि की समेकित सूची उपलब्ध नहीं है, जिसकी खरीद-बिक्री कानूनी रूप से नहीं की जा सकती है. इस पर नगर आयुक्त ने एलआरडीसी को निर्देश दिया कि ऐसी सभी भूमि, जिनकी खरीद-बिक्री प्रतिबंधित है अथवा जो गैर-हस्तांतरणीय श्रेणी में आती हैं, उनकी विस्तृत सूची एवं संबंधित अभिलेख निगम को उपलब्ध कराए जाएं. उन्होंने कहा कि भूमि से संबंधित अभिलेखों एवं स्वामित्व की स्पष्ट जानकारी उपलब्ध रहने से निगम की संपत्तियों का संरक्षण सुनिश्चित किया जा सकेगा और रिम्स की भूमि से जुड़ी घटना जैसी स्थिति की पुनरावृत्ति रोकने में मदद मिलेगी.
नगर आयुक्त ने रोड वाइडनिंग के लिए अधिग्रहित भूमि, गिफ्ट डीड के माध्यम से निगम को प्राप्त भूमि एवं अन्य निगम की संपत्तियों को चिह्नित कर उन्हें अतिक्रमणमुक्त कराने की दिशा में कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. कहा कि शहरी नियोजन एवं विकास की दृष्टि से छोटी-छोटी अधिग्रहित भूमि भी अत्यंत महत्वपूर्ण होती है. ऐसी भूमि का समुचित उपयोग शहर के समग्र एवं सुनियोजित विकास, आधारभूत नागरिक सुविधाओं के विस्तार तथा ट्रांसपोर्ट मैनेजमेंट को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.