Ranchi: झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स के कार्यकारिणी सदस्य और नगर निगम किरायेदार संघ के अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल ने नगर निगम प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि नगर आयुक्त हाईकोर्ट के आदेशों की भी अनदेखी कर रहे हैं. मेयर की ओर से भी दर्जनों पत्र लिखे जाने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही है. निगम की लगातार कार्रवाई और नोटिस से दुकानदारों को इस कदर परेशान किया जा रहा है कि वे अपने अधिकारों के लिए सड़क पर उतरने को मजबूर हो जाएं.
किरायेदार संघ के अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल ने बताया कि नगर निगम के बाजारटांड़ स्थित आवंटित दुकानों पर कार्रवाई को लेकर विवाद गहराता जा रहा है. दुकानदारों की समस्याओं को लेकर अब मेयर रोशनी खलखो और नगर निगम प्रशासन के बीच भी मामला सामने लगा है. मेयर ने नगर आयुक्त को पत्र लिखकर दुकानों पर की जा रही कार्रवाई तत्काल रोकने और दुकानदारों की समस्याओं का समाधान निकालने की मांग की है.
मुकेश अग्रवाल ने कहा कि दुकानदार लंबे समय से पेनाल्टी, नामांतरण और नाम ट्रांसफर जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं. पुराने विवादों का समाधान नहीं निकाला गया है. इसके बावजूद निगम की ओर से लगातार नोटिस जारी किए जा रहे हैं. दुकानों को खाली कराने की कार्रवाई की जा रही है.
मुकेश अग्रवाल ने कहा कि व्यापारी नगर निगम प्रशासन के साथ टकराव नहीं चाहते हैं. उनकी मांग सिर्फ इतनी है कि उनके साथ न्याय हो और वर्षों से लंबित समस्याओं का समाधान किया जाए. यदि मेयर के पत्र और हाईकोर्ट के आदेशों के बावजूद दुकानदारों को राहत नहीं मिलती है तो व्यापारी आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.