Ranchi News : चतरा विधायक जनार्दन पासवान के बेटे के कथित अपहरण मामले में 24 घंटे बाद प्राथमिकी दर्ज की गई है. मामले में नौ लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है. इनमें लक्की राज , आयुष मिश्रा, प्रकाश कुमार, रौनक सिंह, प्रीतम सिंह, राहुल बनिया, बाबू साहेब आयुष, शौर्या राज और रोहित सिंह उर्फ तोता शामिल है.
लक्की राज दरोगा का पुत्र बताया जा रहा है. पुलिस के अनुसार, मामले में कुछ अज्ञात युवकों की भूमिका की भी जांच की जा रही है. बताया जाता है कि घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच समझौते की कोशिश की गई. हालांकि सहमति नहीं बनने के बाद मंगलवार देर शाम विधानसभा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई.
पुलिस ने BNS की धारा 140(3), 127(2), 115(2), 351(2), 352 और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. (इससे जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें...)
पुलिस ने दो घंटे में सकुशल किया था बरामद
गौरतलब है कि 7 सितंबर की शाम करीब 4 बजे Amity University के बाहर से जनार्दन पासवान के बेटे सौरभ कुमार का कथित तौर पर अपहरण किया गया था. साथ ही उसके साथ मारपीट और लूटपाट भी की गई थी. हालांकि पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो घंटे के भीतर ही सौरभ को सकुशल बरामद कर लिया था.
विवाद के बाद दो स्कॉर्पियो से पहुंचे युवक
जानकारी के अनुसार, सौरभ कुमार अपने सहपाठियों अमरदीप दुबे, अनमोल और रविशंकर के साथ यूनिवर्सिटी के गेट के पास खड़े थे. इसी दौरान जूनियर छात्र लक्की राज से अमरदीप की किसी बात को लेकर बहस हो गई.
आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद लक्की राज ने फोन कर कुछ बाहरी युवकों को बुला लिया. इसके बाद दो काले रंग की स्कॉर्पियो से करीब 10-12 युवक मौके पर पहुंचे और मारपीट शुरू कर दी. सौरभ की शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने उनके दोस्त अनमोल को धक्का देकर गिरा दिया और सौरभ को जबरन स्कॉर्पियो में बैठाकर वहां से ले गए.
आरोप है कि चलती गाड़ी में उनका गला दबाया गया. साथ ही मोबाइल फोन और करीब 20 ग्राम सोने की चेन छीन ली गई. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्य व CCTV फुटेज के आधार पर सौरभ को दो घंटे में सकुशल बरामद कर लिया.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें