Ranchi News : झारखंड और पश्चिम बंगाल में सक्रिय प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) संगठन को बड़ा झटका लगा है. एक करोड़ रुपये के इनामी शीर्ष नक्सली नेता असीम मंडल के पश्चिम बंगाल में हथियार के साथ आत्मसमर्पण करने की सूचना है. हालांकि, इस पूरे मामले में पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.
बताया जा रहा है कि असीम मंडल ने हथियार के साथ पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया है. उसके आत्मसमर्पण की खबर सामने आने के बाद नक्सल विरोधी अभियान से जुड़े सुरक्षा तंत्र में हलचल तेज हो गई है. असीम मंडल लंबे समय से झारखंड और पश्चिम बंगाल के सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय रहा है और संगठन के शीर्ष नेताओं में उसकी गिनती होती रही है.
हाल के दिनों में असीम मंडल के दस्ते के तीन प्रमुख सदस्यों ने भी पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा में आत्मसमर्पण किया था. इनमें 15 लाख रुपये के इनामी रामप्रसाद मार्डी, उसकी पत्नी 10 लाख रुपये की इनामी मीता उर्फ नयनतारा और बुलु उर्फ गौरी शामिल हैं. इन लगातार आत्मसमर्पणों के बाद असीम मंडल के दस्ते पर भी दबाव बढ़ गया था.
सूत्रों के अनुसार, सहयोगियों के आत्मसमर्पण के बाद असीम मंडल लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था. इसी दौरान उसके पश्चिम बंगाल पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण की तैयारी की सूचना सामने आई. अब हथियार के साथ उसके आत्मसमर्पण की खबर है. हालांकि, आत्मसमर्पण की परिस्थितियों, बरामद हथियार और अन्य विवरणों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस की ओर से नहीं की गई है.
असीम मंडल के आत्मसमर्पण को माओवादी संगठन के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है. आधिकारिक पुष्टि के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.