Piyush Gautam Ranchi: राजधानी सहित राज्य के अन्य जिलों के स्कूलों में नए शैक्षणिक सत्र 2024-25 की शुरुआत होते ही पठन-पाठन का काम भी सुचारू रूप से शुरू हो गया है. लेकिन आलम यह है कि बाजार में एनसीईआरटी की किताबें नदारद हैं. बच्चों को नई किताबें नहीं मिल सकी हैं. बिना किताबों के ही पढ़ाई शुरू कर दी गयी है. शहर में एनसीईआरटी किताबों के डिस्ट्रीब्यूटर ग्रंथ भारती, पुस्तक मंदिर और ‘जयश्री बुक हाउस’ के संचालक ने बताया कि रांची में एनसीईआरटी किताबों की आपूर्ति कोलकाता से होती है. अब तक की स्थिति यह है कि नई किताबों के स्टॉक उपलब्ध ही नहीं हैं, जबकि पुराने वर्ष की किताबों का स्टॉक केवल 30 से 40 प्रतिशत ही है. लेकिन पुरानी किताबों को छात्र प्रथमिकता नहीं दे रहे हैं. वे पुरानी किताबें नहीं खरीदना चाहते हैं.
किताबें नहीं मिलने से बढ़ती है कालाबाजारी
जयश्री बुक हाउस के ऑनर संजय मिश्रा ने बताया कि हमें हमारी डिमांड के मुताबिक किताबों की आपूर्ति नहीं होती है और यह कोई नई बात नहीं है. पिछले कुछ वर्षों से अब तक यही होता आ रहा है. इसलिए अक्सर किताबों की कमी बनी रहती है. इससे एनसीईआरटी की पाइरेटेड किताबों की कालाबाजरी भी बढ़ती है. कई बार न चाहते हुए भी पाइरेटेड किताबें खरीदना छात्रों के लिए मजबूरी होती है. फिलहाल स्टॉक में कक्षा एक और दो की पर्याप्त किताबें हैं. जबकि तीसरी से 12वीं कक्षा तक की किताबें स्टॉक में नहीं हैं. उम्मीद है जल्द ही मांग के अनुरूप किताबों की आपूर्ति होगी. राष्ट्रीय डिजिटल लाइब्रेरी और ई-पाठशाला ऐप पर किताबें उपलब्ध
किताबों की अनुपलब्धता के कारण छात्रों का पढ़ाई प्रभावित होना लाजिमी है. ऐसे में ऑनलाइन उपलब्ध संसाधनों का उपयोग कर छात्र अपनी कक्षा के पाठ्यपुस्तकों को पढ़ सकते हैं. सभी एनसीईआरटी पाठ्यपुस्तकें एनसीईआरटी वेबसाइट के साथ-साथ पीएम ई-विद्या, राष्ट्रीय डिजिटल लाइब्रेरी और ई-पाठशाला ऐप पर डिजिटल प्रारूप में उपलब्ध हैं. स्टूडेंट्स इन्हें निःशुल्क डाउनलोड कर सकते हैं. नए सत्र के लिए सिर्फ कक्षा 3 और 6 के लिए ही नई पाठ्य पुस्तकें होंगी जारी
बता दें कि राष्ट्रीय पाठ्यचर्या रूपरेखा 2023 (एनसीएफ-23) के अनुरूप एनसीईआरटी की नई पाठ्यपुस्तकें विकसित करने की प्रक्रिया में है. इस शैक्षणिक वर्ष 2024-25 के लिए एनसीईआरटी केवल कक्षा 3 और 6 के लिए ही नई पाठ्य पुस्तकेंही प्रकाशित करेगा. कक्षा 3 की पाठ्यपुस्तकें अप्रैल 2024 के अंतिम सप्ताह तक और कक्षा 6 की पाठ्य पुस्तकें मई 2024 के मध्य तक मुद्रित संस्करण में उपलब्ध होंगी. 31 मई तक 1.03 करोड़ किताबों की प्रतियां उपलब्ध होने की उम्मीद
एनसीईआरटी ने बताया कि कक्षा 1, 2, 7, 8, 10 और 12 के लिए पाठ्यपुस्तकों के 2023-2024 संस्करणों की 1.21 करोड़ प्रतियां पूरे देश में जारी की गई हैं. इसके अलावा कक्षा 4, 5, 9 और 11 के लिए 27.58 लाख पुस्तकों का बफर स्टॉक भी जारी किया गया है, जबकि नए प्रिंट ऑर्डर के अनुसार इन कक्षाओं के लिए 1.03 करोड़ प्रतियां 31 मई 2024 तक उपलब्ध होने की उम्मीद है. [wpse_comments_template]
Leave a Comment