Ranchi : झारखंड में NEET MDS 2026 के तहत पोस्ट ग्रेजुएट डेंटल कोर्स में एडमिशन के लिए दूसरे राउंड की काउंसलिंग प्रक्रिया चल रही है. झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा परिषद (JCECEB) के अनुसार, आज (20 सितंबर) ऑनलाइन आवेदन और जरूरी दस्तावेज अपलोड करने की आखिरी तारीख है.
जिन अभ्यर्थियों ने अब तक आवेदन नहीं किया है, उनके पास आज आखिरी मौका है. हालांकि जिन अभ्यर्थियों का नाम पहले राउंड की स्टेट मेरिट लिस्ट में शामिल है, उन्हें दोबारा आवेदन करने की जरूरत नहीं है.
दूसरे राउंड की अस्थायी स्टेट मेरिट लिस्ट 21 सितंबर को जारी होगी. इस मेरिट लिस्ट पर 22 सितंबर को आपत्ति दर्ज कराई जा सकेगी. इसके बाद 23 सितंबर को अंतिम मेरिट लिस्ट जारी होगी. सीट के लिए रजिस्ट्रेशन और चॉइस फिलिंग 24 से 26 सितंबर तक होगी.
27 सितंबर को अस्थायी सीट आवंटन पत्र जारी किया जाएगा. इसके बाद 27 से 30 सितंबर तक संबंधित संस्थान में दस्तावेजों की जांच और एडमिशन होगा.
जानें कितना लगेगा आवेदन व काउंसलिंग शुल्क
सामान्य, EWS, BC-I और BC-II वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 1,000 रुपये है. SC- ST और सभी वर्ग की महिला अभ्यर्थियों के लिए यह शुल्क 500 रुपये है. दिव्यांग अभ्यर्थियों से आवेदन शुल्क नहीं लिया जाएगा. काउंसलिंग शुल्क सामान्य, EWS, BC-I और BC-II के लिए 2,000 रुपये और SC, ST व सभी वर्ग की महिला अभ्यर्थियों के लिए 1,200 रुपये है.
सरकारी व निजी संस्थान के लिए अलग सुरक्षा राशि
सरकारी संस्थान के लिए सामान्य और EWS अभ्यर्थियों को 30,000 रुपये और SC, ST, OBC व PWD अभ्यर्थियों को 15,000 रुपये सुरक्षा राशि जमा करनी होगी. निजी डेंटल कॉलेज के लिए सुरक्षा राशि 1 लाख रुपये है.
Stray/Mop-up Round के लिए 50,000 रुपये सुरक्षा राशि तय है. सीट मिलने के बाद अगर अभ्यर्थी एडमिशन नहीं लेता है, तो सुरक्षा राशि जब्त हो सकती है. एडमिशन लेने या सीट नहीं मिलने की स्थिति में नियम के अनुसार सुरक्षा राशि वापस की जाएगी.