Latehar News: नेतरहाट आवासीय विद्यालय ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी शैक्षणिक प्रतिष्ठा को और मजबूत किया है. सीफोर (C-Fore) स्कूल रैंकिंग 2026 में भारतीय पाठ्यक्रम वाले देश के सर्वश्रेष्ठ सरकारी आवासीय विद्यालयों की श्रेणी में विद्यालय ने संयुक्त द्वितीय स्थान प्राप्त किया है. विभिन्न मानकों पर हुए मूल्यांकन में विद्यालय को 1300 में से कुल 1039 अंक मिले हैं. विशेष रूप से प्रबंधन एवं नेतृत्व के मानक पर 125 में से 115 अंक, अर्थात 92 प्रतिशत अंक प्राप्त हुए हैं. प्रकाशित सूची के अनुसार, हरियाणा के सोनीपत स्थित मोतीलाल नेहरू स्कूल ऑफ स्पोर्ट्स ने 1043 अंकों के साथ प्रथम स्थान हासिल किया है.
इसे भी पढ़ें:
https://lagatar.in/sir-in-uttar-pradesh-up-ceo-admits-software-removed-85854-voter-names-without-cause
https://lagatar.in/union-home-secretary-has-offered-an-unconditional-apology-regarding-internet-shutdown
नेतरहाट विद्यालय और बिहार के जमुई स्थित सिमुलतला आवासीय विद्यालय 1039 अंकों के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं. इस प्रकार नेतरहाट विद्यालय प्रथम स्थान से महज चार अंक पीछे रहा. देहरादून के ओक ग्रोव स्कूल को 1006 अंकों के साथ तीसरा तथा केरल के अलप्पुझा स्थित पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय को 972 अंकों के साथ चौथा स्थान मिला है.
रैंकिंग के मानकवार विवरण में नेतरहाट विद्यालय को प्रबंधन, नेतृत्व एवं संस्थागत संचालन की श्रेणी में उल्लेखनीय अंक प्राप्त हुए हैं. इस मानक पर मिले 92 प्रतिशत अंक विद्यालय के मूल्यांकन का एक प्रमुख आकर्षण हैं. शिक्षकों की दक्षता एवं विद्यार्थियों के साथ संबंध के मानक पर विद्यालय को 150 में से 127 अंक प्राप्त हुए हैं.
शिक्षण पद्धति एवं प्रासंगिक पाठ्यक्रम में 150 में से 116 अंक, जबकि शैक्षणिक गहनता एवं अध्ययन की गुणवत्ता के मानक पर 100 में से 86 अंक मिले हैं. ये परिणाम विद्यालय की शिक्षण व्यवस्था और शैक्षणिक वातावरण के मजबूत पक्षों को रेखांकित करते हैं. विद्यालय को खेलकूद में 100 में से 82 अंक तथा सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में 81 अंक मिले हैं.
प्लेसमेंट एवं पूर्ववर्ती छात्र संबंधी मानक पर 80 अंक, शिक्षकों की देखभाल एवं विकासपरक वातावरण में 79 अंक तथा आधारभूत संरचना एवं सुविधाओं में 77 अंक प्राप्त हुए हैं. आवासीय विद्यालय के लिए महत्वपूर्ण छात्रावास सुविधाओं एवं विद्यार्थियों की देखभाल के मानक पर विद्यालय को 75 में से 63 अंक प्राप्तओ हुए. जीवन कौशल एवं सामाजिक समझ में 100 में से 67 अंक तथा विद्यार्थियों की व्यक्तिगत आवश्यकताओं के अनुरूप शिक्षा में 66 अंक प्राप्त हुए हैं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.