Ranchi : राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने आज बुधवार को धनबाद में छापेमारी की है. जानकारी के अनुसार, एनआईए की टीम चिरकुंडा स्थित लायकडीह में अमरजीत शर्मा नाम के व्यक्ति के आवास के अलावा कलियासोल प्रखंड के बोरियो गांव स्थित गोदाम में छापेमारी की है. छापेमारी के दौरान एनआईए टीम को गोदाम से भारी मात्रा में जिलेटिन और विस्फोटक सामग्री बरामद हुई है. बरामद विस्फोटक में 50 किलो से ज्यादा अमोनियम नाइट्रेट मिले हैं. एमोनियम नाइट्रेट का इस्तेमाल बम बनाने में होता है. साथ ही लगभग एक हजार पीस से ज्यादा जिलेटिन मिले हैं. एनआईए की टीम अमरजीत के बड़े भाई संजय शर्मा को पकड़ कर अपने साथ गोदाम लेकर आयी है और छापेमारी कर रही है. यहां से भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद किया गया है, जिसकी गिनती की जा रही है. जानकारी के मुताबिक, अमरजीत ने पहले उस गोदाम में मुर्गा फार्म खोला था. करीब पांच वर्ष पहले आंधी तूफान में उसका एस्बेस्टस शीट उड़ गया था. उसके बाद से वह गोदाम में क्या काम करता था, ग्रामीणों को इसकी कोई जानकारी नहीं है. इधर पता चला है कि अमरजीत बंगाल में अवैध रूप से विस्फोटक की बिक्री करता है.
धनबाद में NIA की छापेमारी, भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद
Last Updated: Apr 09, 2025 12:00 AM (IST)