Search

 
 
 

NIA ने नक्सलियों द्वारा विस्फोटक से भरे ट्रक की लूट मामले की जांच शुरू की

ओडिशा के राउरकेला जिले के केबलांग थाना क्षेत्र में 27 मई की रात नक्सलियों ने विस्फोटक से लदे ट्रक को लूट लिया था. राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने केबलांग थाना में दर्ज मामले को टेकओवर कर लिया है और जांच शुरू कर दी है.
 

Ranchi :    राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने बीते 27 मई की रात ओडिशा के राउरकेला जिले से नक्सलियों द्वारा विस्फोटक लदे ट्रक की लूट मामले को टेकओवर कर जांच शुरू कर दी है. 

 

 बारूद लेकर बांको पत्थर खदान की ओर जा रहा था ट्रक

 

उल्लेखनीय है कि ओडिशा के राउरकेला जिले में नक्सलियों ने 27 मई की रात एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया था. नक्सलियों ने एक ट्रक को लूट लिया था, जिसमें लगभग 5 टन विस्फोटक सामग्री लदी हुई थी.

 

यह ट्रक खदानों में उपयोग के लिए बारूद लेकर बांको पत्थर खदान की ओर जा रहा था. रास्ते में केबलांग थाना क्षेत्र से गुजरते समय नक्सलियों ने ट्रक को रोककर उसके चालक को बंधक बना लिया और ट्रक को जबरन झारखंड के सारंडा के घने जंगलों की ओर ले गये.

 

हालांकि बाद में चालक को छोड़ दिया गया. 

 

खदान से दोबारा लोड कराकर बारूद ले गये थे नक्सली : 

 

जानकारी के अनुसार, जब ट्रक खदान पहुंचा, उसी समय हथियारबंद नक्सली भी वहां पहुंच गये और ड्राइवर व मजदूरों को धमकाकर पहले से अनलोड किए गए विस्फोटकों के पैकेट्स को दोबारा ट्रक में लोड करवाया.  

 

इसके बाद नक्सली ड्राइवर को अगवा कर ट्रक को जंगल की ओर ले गए, जहां पहले से 40 से अधिक नक्सली इंतजार कर रहे थे. उन्होंने वैन से विस्फोटक उतारकर नक्सली जंगल में चले गये और ड्राइवर और वैन को वहीं छोड़ दिया. 

 

चाईबासा पुलिस ने बरामद किया था लूटा गया विस्फोटक

 

बीते 30 मई को चाईबासा जिले के जराईकेला थाना क्षेत्र में सीआरपीएफ व झारखंड पुलिस की संयुक्त टीम और भाकपा माओवादी नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई थी. मुठभेड़ के क्रम में सुरक्षा बलों को भारी पड़ता देख नक्सली जंगल और पहाड़ का लाभ उठाकर भाग गये थे.

 

मुठभेड़ के बाद सर्च अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने बीते दिनों ओडिशा से लूटा गया विस्फोटक बरामद किया, हालांकि पूरा विस्फोटक अब तक बरामद नहीं हो पाया है. इसको लेकर सुरक्षा बलों द्वारा जंगल और पहाड़ी क्षेत्र में सघन सर्च ऑपरेशन जारी है. 

 

इसके अलावा मौके से अन्य दैनिक उपयोग की सामग्री भी बरामद की गयी, जिसे विधिवत जब्त किया गया था.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही