Kaushal Anand Ranchi : राजधानी रांची समेत अन्य शहरों को जाम मुक्त बनाने को लेकर राज्य सरकार फिर से नयी कवायद शुरू करने जा रही है. रांची में नौ समेत राज्यभर में कुल 12 नये फ्लाईओवर बनने वाले हैं. पथ निर्माण विभाग ने इसका प्रस्ताव तैयार कर लिया है. जल्द ही इसे कैबिनेट की बैठक में लाया जाएगा. सरकार विधानसभा चुनाव के पहले ही इन नये प्लाईओवरों का शिलान्यास करने की तैयारी में है. दीपावली के बाद इन योजनाओं पर काम शुरू होने सकते हैं. मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने गुरुवार को रांची तथा अन्य शहरों में बन रहे प्लाईओवर, पुल व ट्रैफिक व्यवस्था से संबंधित योजनाओं एवं निर्माण कार्यों की अफसरों के साथ समीक्षा की. बैठक के बाद सीएम ने कहा है कि सबसे पहले हमारी सरकार कांटा टोली फ्लाईओवर का काम दुबारा शुरू कराया. इसके बाद सिरम टोली फ्लाईओवर का काम शुरू हुआ, जो अब अंतिम चरण में है. दो माह में इसका निर्माण पूरा करने का लक्ष्य है. रातू रोड फ्लाईओवर का काम भी युद्ध स्तर पर चल रहा है. इसके अलावा बहुत जल्द ही कांटा टोली और सिरम टोली फ्लाईओवर को जोड़ने का काम भी शुरू होगा.
राज्य भर में 12 फ्लाईओवर बनाने की है तैयारी
मुख्यमंत्री को विभागीय अधिकारियों ने अवगत कराया कि पूरे राज्य में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए 12 फ्लाईओवर का निर्माण किए जाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है. इनमें रांची में नौ, सरायकेला में दो और दुमका में एक फ्लाईओवर बनेंगे. पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार ने सीएम को बताया कि राज्य के दुमका, डाल्टनगंज, चाईबासा, गिरिडीह एवं जमशेदपुर में पथ निर्माण विभाग द्वारा बाईपास सड़क निर्माण का डीपीआर तैयार किया जा रहा है. वहीं, रांची के करम टोली से बूटी मोड़ तक और हिनू से डीपीएस स्कूल तक फ्लाईओवर निर्माण का डीपीआर बनाया गया है. सिरमटोली-मेकॉन फ्लाईओवर सितंबर तक करें पूरा
मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने सिरमटोली से मेकॉन तक बनने वाले फ्लाईओवर निर्माण कार्य सितंबर माह के अंत तक पूरा कर लेने का अफसरों को निर्देश दिया है. मुख्यमंत्री ने कहा कि सिरमटोली फ्लाईओवर रांची शहर की ट्रैफिक समस्या को नियंत्रित करने का एक बेहतर विकल्प है. इस फ्लाईओवर निर्माण कार्य में किसी प्रकार से विलंब नही होना चाहिए. मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार चाहती है कि रांची शहरवासियों को जल्द से जल्द ट्रैफिक जाम की समस्या से निजात दिलायी जाए. उन्होंने राज्य में यातायात नियंत्रण को सरकार की प्राथमिकता बताया. राजधानी में इन जगहों पर बनेंगे नये फ्लाईओवर
- कांके रोड से हरमू चौक तक फ्लाईओवर निर्माण की योजना तैयार है. प्राधिकार समिति से स्वीकृति के बाद अब कैबिनेट की बैठक से मंजूरी ली जानी है. - डीपीएस चौक से बिरसा चौक-भाया हिनू चौक तक फ्लाईओवर का डीपीआर तैयार हो चुका है. - अरगोड़ा से डिबडीह चौक तक फ्लाईओवर निर्माण होगा. अरगोड़ा चौक पर सर्वे कार्य हो चुका है. - करम टोली फ्लाईओवर को लेकर भी काम शुरू हो चुका है. इसे करम टोली चौक के आगे ले जाने पर योजना बन रही है. - कोकर चौक से बूटी मोड़ तक फ्लाईओवर निर्माण को लेकर विभाग में होमवर्क चल रही है. - कांके रोड में एसीबी कार्यालय से चांदनी चौक तक फ्लाईओवर बनाने के लिए सर्वे कार्य जारी है. केबुल स्टे पुल निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ होगा
सिरमटोली-मेकॉन फ्लाईओवर निर्माण कार्य में दो स्थान पर केबुल स्टे पुल बनना है. इसको लेकर रेलवे से सहयोग मांगा गया है. केबुल स्टे पुल बनने वाले दो स्थानों को छोड़ कर लगभग सभी कार्य पूरे किये जा चुके हैं. केबुल स्टे पुल निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ हो, इसको लेकर रांची रेल मंडल के डीआरएम जसमीत सिंह बिंद्रा ने पूर्ण सहयोग देने की बात कही. उन्होंने कहा कि नियमसंगत प्रावधानों के अनुसार सभी प्रक्रियाएं की जा रही हैं. 11 खंडों में बनेगा 52 किमी लंबा इंटरनल रिंग रोड
रांची शहर को जाम मुक्त बनाने के लिए सरकार रिंग रोड के इनर सर्किल में एप्रोच पथ बनाने की दिशा में काम शुरू कर चुकी है. पथ निर्माण विभाग नौ एप्रोच पथ का प्रस्ताव तैयार कर रहा है. जल्द ही तकनीकी एवं प्रशासनिक स्वीकृति लेकर इसे कैबिनेट से पास कराने की तैयारी है. पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार ने मुख्यमंत्री को बताया कि रांची में बनने वाले इंटरनल रिंग रोड की कुल लंबाई 52 किलोमीटर होगी. यह काम 11 खंडों में होगा. तीन विभागों की प्रशासनिक स्वीकृति भी मिल चुकी है. तीन खंड पहले से निर्मित हैं, बाकी के निर्माण कार्य के लिए डीपीआर की प्रक्रिया प्रगति पर है. नौ इनर रिंग रोड की योजना पर भी काम शुरू
रांची शहर को जाम मुक्त बनाने के लिए सरकार कई इनर रिंग रोड बनाने की दिशा में काम शुरू कर चुकी है. पथ निर्माण विभाग नौ इनर रिंग रोड का प्रस्ताव तैयार कर रहा है. जल्द ही तकनीकी एवं प्रशासनिक स्वीकृति लेकर कैबिनेट से पास कराने की तैयारी है. ये सड़कें रिंग रोड की एप्रोच रोड होंगी. इससे शहर में वाहनों का प्रवेश कम होगा और जाम के दबाव से मुक्ति मिलेगी. इन सड़कों का शिलान्यास भी विस चुनाव के पहले होने की संभावना है. यहां होगा इनर रिंग रोड का निर्माण
- पंडरा से कांके तक - झिरगाटोली से चिरौंदी तक - आशीर्वाद बैंक्वेट हॉल से बरियातू फायरिंग रेंज तक - फायरिंग रेंज से बूटी मोड़ होते हुए खेलगांव तक - खेलगांव से दुर्गा सोरेन चौक तक - दुर्गा सोरेन चौक से चांदनी चौक तक - चांदनी चौक से धुर्वा गोलचक्कर तक - डीएवी पुंदाग से डीएवी हेहल तक - डीएवी हेहल से पंडरा तक [wpse_comments_template]
Leave a Comment