Ranchi: आदिवासी नेता निशा भगत की मौत के मामले में सीबीआई की टीम ने करीब सात घंटे तक अजय तिर्की के रांची के पहाड़ी टोला स्थित आवास पर छानबीन की. इस दौरान सीबीआई के अधिकारियों ने अजय तिर्की के फोन, दस्तावेज अन्य इलेक्ट्रानिक उपकरण भी खंगाले हैं.
उधर सीबीआई की एक टीम ने ज्योत्सना केरकेट्टा के नगड़ाटोली स्थित आवास पर छानबीन की है. साथ ही एक अन्य टीम निशा भगत के डहूटोली स्थित उस घर पर भी पहुंची, जहां पर उसने आत्महत्या की थी. जानकारी के मुताबिक टीम ने वहां क्राइम सीन भी क्रियेट किया है.

अजय तिर्की के घर के बाहर मौजूद रहे Lagatar.in के संवाददाता विकास सिंह ने रात 11.10 बजे बताया है कि सीबीआई के अधिकारी करीब 4.20 बजे तिर्की के घर पर पहुंचे थे. तब तिर्की घर पर नहीं थे, लेकिन सीबीआई टीम के पहुंचने की जानकारी के बाद वह अपने आवास पर पहुंचे. सीबीआई के अधिकारियों ने तिर्की से लंबी पूछताछ की है. संवाददाता ने बताया कि जांच एजेंसी ने कई चीजें जब्त की हैं. इसमें कुछ दस्तावेज भी हो सकते हैं. हालांकि आधिकारिक तौर पर कोई ब्योरा सामने नहीं आया है. छानबीन के दौरान जांच एजेंसी के अधिकारियों ने घर के सदस्यों के फोन भी अपने पास ले लिए थे. तिर्की के आवास के बाहर देर रात तक मीडियाकर्मी जमे रहे. बाहर में पुलिस के दो जवान भी लगातार तैनात हैं. रात लगभग 11.16 बजे सीबीआई की टीम अजय तिर्की के घर से बाहर निकलती दिखी.
गौरतलब है कि निशा भगत आत्महत्या मामले में दिल्ली सीबीआई की विशेष अपराध शाखा-1 में प्राथमिकी दर्ज की गयी है. निशा भगत ने छह नवंबर को कथित तौर पर आत्महत्या की थी. इस घटना के सिलसिले में उनके पिता हंदू भगत की शिकायत पर पिठौरिया थाने में अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा के खिलाफ प्राथमिकी (114/2026) दर्ज की गयी है. सीबीआई दिल्ली की विशेष अपराध शाखा ने मामले की जांच के लिए पिठौरिया थाने में दर्ज प्राथमिकी को ही रिजस्टर किया है.
इसी महीने 6 नवंबर को पिठौरिया थाना क्षेत्र स्थित डहू टोली में अपने आवास पर निशा भगत ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी. इससे पहले वह फेसबुक लाइव पर आई थीं. लाइव में रोते हुए निशा ने अपनी परेशानी साझा की थीं. लाइव वीडियो में उन्होंने जमीन के कारोबार से जुड़े लोगों पर कथित तौर पर प्रताड़ना और पुलिस-प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए थे.