Search

नीतीश कुमार, राज्य सभा और नरेंद्र मोदी

 

Uploaded Image

शिवानंद तिवारी

मुझे नहीं मालूम कि राज्यसभा का सदस्य बनने के बाद नीतीश जी आगे क्या करने वाले हैं. एक चर्चा यह है कि वे केंद्र सरकार में मंत्री बन सकते हैं. यह बात मुझे जंचती नहीं है. केंद्र सरकार के मंत्रिमंडल में शामिल होना या न होना उनकी इच्छा पर निर्भर करता है. लेकिन यदि ऐसा होता है तो एक तरह से यह नरेंद्र मोदी की नैतिक विजय मानी जाएगी.

 

याद कीजिए, ये वही नीतीश कुमार हैं जो कभी नरेंद्र मोदी का चेहरा तक देखना नहीं चाहते थे. नरेंद्र मोदी की वजह से उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्यों के लिए रखा गया भोज तक रद्द कर दिया था. ऐसे में यदि वह आज नरेंद्र मोदी के मंत्रिमंडल के सदस्य बनते हैं, तो मोदी जी के लिए इससे बड़ा गौरव और क्या हो सकता है!   

 

लेकिन यह सोचकर मन में पीड़ा  होती है. इसलिए नहीं कि इससे राजनीति में कोई असंभव घटना घट जाएगी, बल्कि इसलिए कि एक समय नीतीश जी के साथ हमने बहुत निकटता से काम किया है. अटल बिहारी वाजपेयी के मंत्रिमंडल के सदस्य रहने के बाद और बिहार में सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने के बाद क्या उनके लिए मोदी मंत्रिमंडल का सदस्य बनना उचित और गरिमापूर्ण होगा?

 

एक समय ऐसा भी था जब एनडीए गठबंधन के लिए बिहार के चुनाव प्रचार में उन्होंने नरेंद्र मोदी को आने नहीं दिया था. वे कहा करते थे कि बिहार में एक मोदी पहले से मौजूद है (सुशील मोदी)दूसरे मोदी की यहां क्या ज़रूरत है! खैर, हम क्या सोचते हैं या क्या नहीं, इससे नीतीश जी को क्या फर्क पड़ता है! लेकिन उनके साथ पुराने संबंधों को ध्यान में रखते हुए मुझे लगता है कि उन्हें नरेंद्र मोदी के मंत्रिमंडल में शामिल नहीं होना चाहिए.

 

अगर नरेंद्र मोदी जी सचमुच उन्हें सम्मान देना चाहते हैं, तो एनडीए गठबंधन का राष्ट्रीय संयोजक बनाना उनकी प्रतिष्ठा के अधिक अनुकूल होगा. इससे उनकी गरिमा भी बनी रहेगी और गठबंधन की राजनीति में उनकी भूमिका भी बनी रहेगी.

 

अब देखना यह है कि राज्यसभा जाने के बाद नीतीश जी क्या निर्णय लेते हैं और उनके आसपास के लोग उन्हें कैसी सलाह देते हैं. यदि वे सचमुच नरेंद्र मोदी के मंत्रिमंडल की सदस्यता स्वीकार करते हैं, तो मेरे विचार से वह एक दुर्भाग्यपूर्ण दिन होगा. 

 

लेखक पूर्व राज्य सभा सदस्य और राजद के उपाध्यक्ष हैं.


 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें  

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp