Lagatar Desk: दिल्ली की एक अदालत ने सोमवार को जाने-माने यूट्यूबर ध्रुव राठी के ख़िलाफ़ 2018 के मानहानि मामले में ग़ैर-जमानती वारंट जारी किया. न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी (जेएमएफ़सी) अनम रईस ख़ान ने यह आदेश दिया. मामले की अगली सुनवाई तीन दिसंबर को होगी. यह मामला विकास सांकृत्यायन उर्फ़ विकास पांडे ने दायर किया था.
लीगल वेबसाइट बार एंड बेंच के मुताबिक, यह मामला मई 2018 में ध्रुव राठी के बनाए एक वीडियो से जुड़ा है. वीडियो में आरोप लगाया गया था कि भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के आईटी सेल ने विकास पांडे को रिश्वत देने की कोशिश की थी. राठी के हैंडल से ट्वीट किए गए इस वीडियो को दिल्ली के तत्कालीन मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रीट्वीट किया था। इसके बाद पांडे ने केजरीवाल और राठी, दोनों के खिलाफ मानहानि की कार्यवाही शुरू कर दी.
इससे पहले अदालत ध्रुव राठी के ख़िलाफ़ ज़मानती वारंट जारी कर चुकी थी. 12 अक्तूबर को अदालत ने जल्द सुनवाई और ध्रुव राठी के ख़िलाफ़ दस्ती समन यानी हाथों-हाथ समन भेजने की मांग वाली याचिका स्वीकार की थी. यह फ़ैसला शिकायतकर्ता के वकील समक्ष शर्मा की दलील के बाद आया था. उन्होंने कहा था कि ध्रुव राठी मुख्य रूप से विदेश में रहते हैं, इसलिए कई सालों से समन उन तक नहीं पहुंच पा रहे हैं.