Search

मेघालय व नगालैंड में 7 और त्रिपुरा में 8 मार्च को शपथ ग्रहण, मोदी भी होंगे शामिल

New Delhi : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीनों पूर्वोत्तर राज्यों के मुख्यमंत्रियों के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे. मेघालय में 7 मार्च को सुबह 11 बजे शपथ ग्रहण होगा, जबकि नगालैंड में 7 मार्च दोपहर 1:45 बजे और त्रिपुरा में 8 मार्च को सुबह 11 बजे शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा. इन तीनों राज्यों में विधानसभा चुनाव में जीत के बाद बीजेपी अपने सहयोगियों के साथ सरकार बनाने जा रही है. मेघालय में नेशनल पीपुल्स पार्टी के प्रमुख कोनराड के संगमा मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं. त्रिपुरा में एक बार फिर से माणिक साहा सीएम पद की शपथ लेंगे और नगालैंड में एनडीपीपी सुप्रीमो नेफिउ रियो पांचवें कार्यकाल के लिए मुख्यमंत्री के रूप में पद ग्रहण करने के लिए तैयार हैं.

मेघालय में बीजेपी ने कोनराड संगमा को दिया सपोर्ट

कोनराड संगमा ने शुक्रवार को मेघालय के राज्यपाल फागू चौहान से मुलाकात कर राज्य में सरकार बनाने का दावा पेश किया था और उन्हें 32 विधायकों के समर्थन का पत्र सौंपा था. संगमा ने कहा था कि उन्हें बीजेपी, एचएसपीडीपी और दो निर्दलीय विधायकों का समर्थन प्राप्त है. उन्होंने कहा कि नई सरकार सात मार्च को शपथ लेगी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार्यक्रम में उपस्थित रहने के लिये अपनी रजामंदी दे दी है. मेघालय में 27 फरवरी को विधानसभा की 59 सीट पर मतदान हुआ था. गुरुवार को चुनाव के परिणाम घोषित किए गए, जिनमें एनपीपी 26 सीट जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी. यूडीपी ने 11 सीट पर जीत हासिल की जबकि कांग्रेस और टीएमसी ने पांच-पांच और बीजेपी ने दो सीट पर जीत हासिल की.

त्रिपुरा में फिर बीजेपी सरकार

त्रिपुरा विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने कुल 60 में से 32 सीट पर जीत हासिल की है जबकि इसके सहयोगी दल आईपीएफटी ने एक सीट जीती है. मुख्यमंत्री माणिक साहा ने शुक्रवार को राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य को अपनी सरकार का इस्तीफा सौंप दिया था. उन्होंने कहा कि नई सरकार आठ मार्च को शपथ लेगी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस समोराह में शामिल होंगे.

नगालैंड में एनडीपीपी-बीजेपी की सरकार

नगालैंड में 60 सदस्यीय विधानसभा चुनाव के नतीजों में एनडीपीपी-बीजेपी ने 37 सीटें जीतीं. जिनमें से एनडीपीपी ने 25 और बीजेपी ने 12 सीट हासिल की. राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने सात सीट, एनपीएफ ने पांच और नगा पीपुल्स फ्रंट, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) और आरपीआई (आठवले) ने दो-दो सीट जीती. जनता दल (यूनाइटेड) ने एक सीट, जबकि चार निर्दलीय जीते हैं.
इसे भी पढ़ें – कोरोना">https://lagatar.in/after-corona-outbreak-of-flu-is-increasing-in-the-country-advisory-issued/">कोरोना

के बाद अब देश में बढ़ रहा फ्लू का प्रकोप, एडवाइजरी जारी
[wpse_comments_template]

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp