Search

ED द्वारा जब्त 86.61 करोड़ की संपत्ति में 48.94 करोड़ की मुख्य अभियंता वीरेंद्र राम की

Ranchi: प्रवर्तन निदेशालय ने टेंडर में कमीशनखोरी से जुड़ी 86.61 करोड़ रुपये की संपत्ति स्थायी रूप से जब्त कर ली है. इसमें से 48.94 करोड़ रुपये की संपत्ति सिर्फ ग्रामीण विकास विभाग के तत्कालीन मुख्य अभियंता वीरेंद्र राम के पारिवारिक सदस्यों की है. वीरेंद्र राम ने बीवी- बच्चों के अलावा अपनी सास को भी कीमती गाड़ी खरीदकर दी थी.


ईडी ने ग्रामीण विकास विभाग में टेंडर के दौरान ठेकेदारों से कमीशन वसूलने की जांच के दौरान कुल 86.61 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति अस्थायी रूप से जब्त की थी. न्यायाधिकरण(Adjudicating Authority) ने मामले में सभी पक्षों को सुनने के बाद ईडी द्वारा की गयी जब्ती की कार्रवाई को सही करार दिया है. साथ ही इसे स्थायी रूप से जब करने का आदेश दिया है. 


जिन लोगों की संपत्ति स्थायी रूप से जब्त की गयी है, उसमें वीरेंद्र राम व पारिवारिक सदस्य, मंत्री आलमगीर आलम के आप्त सचिव संजीव लाल, रिता लाल, CA मुकेश मित्तल, संजीव लाल के करीबी माने जाने वाला जहांगीर आलम सहित कुछ अन्य लोगों का नाम शामिल है. जहांगीर आलम के ठिकाने से 32.20 करोड़ रुपये जब्त किये गये थे.


ईडी द्वारा जब्त की गयी संपत्ति में से आधी से ज्यादा संपत्ति वीरेंद्र राम व उनके पारिवारिक सदस्यों की है. वीरेंद्र राम के पारिवारिक सदस्यों की कुल 48.94 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की गयी है. इसमें 38 करोड़ रुपये की फ्लैट, डुपलेक्स, फ़ार्महाउस आदि शामिल है. 

 

यह संपत्ति वीरेंद्र राम, उनकी पत्नी राज कुमारी और पिता गेंदा राम के नाम पर है. इसकी खरीद में कागजी मूल्य काफी कम दिखाया गया है. हालांकि संपत्ति खरीदने के दौरान भारी मात्रा में नकद राशि का भुगतान किया गया है. दिल्ली में राजकुमारी के नाम पर खरीदे गये फ्लैट के लिए कुल पांच करोड़ रुपये का भुगता किया गया है. इसमें से 1.78 करोड़ रुपये का भुगतान बैंक से और 3.22 करोड़ का भुगतान नकद किया गया है.

 

डिफेंस कॉलोनी में 11 करोड़ रुपये में फ्लैट खरीदा गया. इसमें से 4.95 करोड़ रुपये बैंक के माध्यम से और 6.35 करोड़ रुपये का नकद भुगतान किया गया. इसी तरह वीरेंद्र राम के नाम पर दिल्ली में 22.50 करोड़ की लागत पर एक फार्महाउस बनाया गया है. इसके लिए 3.96 करोड़ का भुगतान चेक से और 18.50 करोड़ रुपये का भुगतान नकद किया गया.

 

ईडी द्वारा ग्रामीण विकास विभाग में जांच में जब्त संपत्ति का ब्योरा 


- वीरेंद्र राम की पत्नी राज कुमारी के नाम दिल्ली के साकेत में 5.00 करोड़ की लागत से खरीदा गया फ्लैट D-70


 - डिफेंस कॉलोनी में राजकुमारी के नाम पर 11.30 करोड़ रुपये में खरीदा गया फ्लैट नंबर C-334


-  नई दिल्ली साकेत में दो बीघा आठ बिसवा में 22.50 करोड़ रुपये में गेंदा राम के नाम पर बना फार्म हाउस 


- जमशेदपुर में डिमना रोड स्थित वाटिका ग्रीन सिटी में 12.57 लाख में वीरेंद्र राम और राज कुमारी के नाम पर खरीदा गया Duplex 


- वीरेंद्र कुमार राम के नाम पर पिठोरिया में खरीदा गया 10 डिसमिल जमीन (कागजी मूल्य 25 हजार)


- बेटे आयुष के नाम पर 53.66 लाख में खरीदी गया AUDI कार (DL-CCQ-0527)


- बेटे आयुष के नाम पर 29.90 लाख में खरीदी गयी Toyot Fortune कार (DL-12-CG-5878)


- पत्नी राज कुमारी के नाम पर 44.26 लाख रुपये में खरीदी गयी AUDI कार (DL8CAM-2395)


- वीरेंद्र राम की सास पानामति देवी के नाम पर 27.00 लाख में खरीदी गयी Skoda कार (Dl-11CA-3685)


- ACB द्वारा 2019 में वीरेंद्र राम के चचेरे भाई अलोक रंजन के कमरे से जब्त 2.67 करोड़ रुपये नकद


- वीरेंद्र राम के विभिन्न ठिकानों से जब्त 19.45 लाख रुपये नकद 


- वीरेंद्र राम के ठिकानों से मिला 1.51 करोड़ रुपये के जेवरात


- मनी लॉन्ड्रिंग में मददगार तारा चंद के ठिकानों से मिला 16.90 लाख रुपये नकद


- दिल्ली के CA मुकेश मित्तल के ठिकानों से जब्त 9.46 लाख रुपये के बंद किये जा चुके नोट


- वीरेंद्र राम व आयुष के बैंक खाते में जमा 13.43 लाख रुपये


- राज कुमारी और आर्यन के नाम पर बैंक में जमा 14.46 लाख


- वीरेंद्र राम HUF के नाम पर बैक में जमा 8.10 लाख रुपये


- CA मुकेश मित्तल का FD और बैंक में जमा 35.77 लाख रुपये


- जहांगीर आलम और ठेकेदार मुन्ना सिंह के घर से जब्त कुल 37.55 करोड़


- बरियातु स्थित संजीव लाल की 2.85 करोड़ रुपये की जमीन और मकान


- सर सैयद रेसिडेंसी स्थित जहांगीर के नाम पर खरीदा गया 38 लाख रुपये का फ्लैट


- रीता लाल के नाम पर पुनदाग में खरीदी गयी जमीन

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी.नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

 

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp