Bermo : गोमिया प्रखंड बीस सूत्री कार्यान्वयन कमेटी की बैठक गुरुवार को प्रखंड कार्यालय सभागार में हुई. बैठक की अध्यक्षता समिति के प्रखंड अध्यक्ष लुदु मांझी ने की. इस बैठक में ओएनजीसी, वन विभाग और ओरिका के आईईपीएल कंपनी से कोई अधिकारी या उनके प्रतिनिधि नहीं पहुंचे थे. इस पर समिति के पदाधिकारियों ने नाराजगी व्यक्त की. बैठक में बीडीओ कपिल कुमार, सीओ संदीप टोपनो, समिति के उपाध्यक्ष मदन महतो सहित प्रखंड के कई विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे. गोमिया अस्पताल में दवा नहीं रहने का मामला उठाया गया. जिस प्रभारी ने कहा कि जिला से दवा की मांग की गई है. वहीं इस बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, मनरेगा, आंगनबाड़ी केंद्रों, पशुपालन विभाग, अंचल विभाग, पीएचईडी विभाग आदि के कार्यों पर चर्चा की गई. समिति के प्रखंड अध्यक्ष लुदु मांझी ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा गरीबों एवं आमलोगों के हित में कई योजनाओं का संचालन किया जा रहा है, इन योजनाओं का लाभ जरूरतमंद लोगों को मिले, इसको सुनिश्चित किया जाना चाहिए. इसी प्रकार प्रखंड में चल रहे विकास कार्यों में पारदर्शिता होनी चाहिए और कार्य ससमय पूरा किया जाना चाहिए. बैठक में स्वास्थ्य विभाग की चर्चा करते हुए कहा गया कि कोरोना काल में जो भी स्वास्थ्यकर्मी सेवा दिए हैं, उनमें से अधिकतर लोगों को अभी तक मानदेय का भुगतान नहीं किया गया है. इसी प्रकार सरकारी अस्पताल में कई जीवनरक्षक दवाओं की कमी है. वहीं अस्पताल में फिलहाल दो ही चिकित्सक है,जबकि प्रखंड में 16 चिकित्सक होने चाहिए. मलेरिया से बचाव के लिए डीडीटी का छिड़काव करने पर चर्चा मलेरिया से बचाव के लिए जरूरी जगहों पर डीडीटी का छिड़काव सहित अन्य कई मुद्दों पर चर्चा की गई. इस बारे में गोमिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ जितेंद्र कुमार ने बताया कि अस्पताल में चिकित्सकों एवं दवा की कमी के बारे में पत्राचार किया गया है और कोरोना काल में कार्य करने वाले स्वास्थ्यकर्मियों को विभाग द्वारा फंड भेजे जाने पर उनका मानदेय का भुगतान कर दिया जाएगा. इसी प्रकार प्रखंड में बाल विकास परियोजना के तहत चलने वाले आंगनबाड़ी केंद्रों की वर्तमान स्थिति के बारे में चर्चा की गई. बताया गया कि प्रखंड के अधिकतर केंद्रों में बच्चों की संख्या कम है. वहीं कई केंद्र समय पर खुलते भी नहीं हैं. इस बारे में सीडीपीओ अल्का रानी ने बताया कि समय समय पर आंगनबाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण भी किया जाता है और अनियमितता पाए जाने पर संबंधित आंगनबाड़ी केंद्र की सेविका को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया जाता है. शिक्षा के बारे में बताया गया कि प्रखंड के कई स्कूल भवन जर्जर हालत में है और इसके कारण बच्चों के पठन-पाठन में कठिनाई हो रही है. स्कूली भवन को दुरुस्त करने के लिए विभाग के वरीय अधिकारियों से पत्राचार किया जाएगा. पशुपालन विभाग द्वारा बताया गया कि पशुपालन विभाग में गरीबों के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं, वहीं विभाग द्वारा जरूरतमंद लोगों को नि:शुल्क बकरी पालन करने के लिए बकरी उपलब्ध कराया जाता है. इसी प्रकार अन्य कई कार्यक्रम भी चलाये जा रहे हैं. बैठक में अन्य कई विभाग के कार्यों की समीक्षा की गई और उसका समाधान करने की बात कही गई. मौके पर प्रखंड बीस सूत्री के सदस्य रामकिशुन रविदास, आशा मुर्मू, पौलुस टुडू, संतोष साव,एनुल होदा, विधायक प्रतिनिधि विपिन कुमार, प्रखंड के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ जितेंद्र कुमार, प्रखंड पशुपालन पदाधिकारी डॉ सुरेश कुमार, सीडीपीओ अल्का रानी,एई अरुण कुमार,पीएचईडी जेई रोहित मंडल, बैंक ऑफ इंडिया के दीपक कुमार, बीटीएम राजन मिश्रा, शंकर यादव, गौरीशंकर प्रजापति, पवन कुमार, राजीव रंजन आदि उपस्थित थे. इसे भी पढ़ें- Lagatar">https://lagatar.in/lagatar-exclusive-prem-prakash-has-been-taken-on-remand-by-ed-in-pankaj-mishra-case-read-the-6-questions-that-ed-is-looking-for-answers/">Lagatar
Exclusive: प्रेम प्रकाश को पंकज मिश्रा से जुड़े केस में ED ने लिया रिमांड पर, पढ़िए वो 6 सवाल जिनका जवाब ढूंढ रही ED [wpse_comments_template]
Exclusive: प्रेम प्रकाश को पंकज मिश्रा से जुड़े केस में ED ने लिया रिमांड पर, पढ़िए वो 6 सवाल जिनका जवाब ढूंढ रही ED [wpse_comments_template]
Leave a Comment