Lagatar Desk : देश के पहले प्रधानमंत्री और आधुनिक भारत के निर्माण में अहम भूमिका निभाने वाले पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत कई प्रमुख नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की.
नेताओं ने सोशल मीडिया के जरिए नेहरू के योगदान, उनके विचारों और देश के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को याद किया. वहीं प्रियंका गांधी का बयान खासा चर्चा में रहा. उन्होंने कहा कि निधन के 60 साल बाद भी नेहरू पर हमले किए जा रहे हैं. यह इस बात का प्रमाण है कि भारत के प्रति उनकी प्रतिबद्धता कितनी अडिग थी.
पीएम मोदी और राजनाथ सिंह ने किया याद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने ऑफिशियल एक्स हैंडल पर पोस्ट कर पंडित जवाहरलाल नेहरू को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि दी. उन्होंने लिखा कि पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि. वहीं, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नेहरू को याद करते हुए उन्हें नमन किया. उन्होंने पोस्ट में लिखा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू जी की जयंती पर, मैं उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं. भारत के स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान और स्वतंत्र भारत के पहले प्रधानमंत्री के रूप में उनके नेतृत्व ने हमारे राष्ट्र के शुरुआती वर्षों पर एक अमिट छाप छोड़ी है.
प्रियंका गांधी ने केंद्र पर साधा निशाना
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर उन्हें याद किया. इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि नेहरू के निधन के 60 साल से अधिक समय बीत जाने के बाद भी संविधान और लोकतंत्र को नष्ट करने की कोशिश करने वाले लोग उन पर हमले कर रहे हैं. यह इस बात का प्रमाण है कि भारत के प्रति नेहरू की प्रतिबद्धता कितनी अडिग थी.
Jawaharlal Nehru was that unique human being - a revolutionary, a visionary and a builder. The fact that he is still attacked by those who seek to destroy our constitution and our democracy more than sixty years after his death is a testament to his steadfast commitment to India. May his love for our country guide us for always.
— Priyanka Gandhi Vadra (@priyankagandhi) November 14, 2026
नेहरू का आधुनिक और प्रगतिशील भारत का सपना आज भी प्रेरणा : राहुल गांधी
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी अपने दादा और देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू को उनकी जयंती पर नमन किया. उन्होंने एक्स पर पोस्ट शेयर कर नेहरू के विचारों, लोकतांत्रिक मूल्यों और आधुनिक भारत के सपने को याद किया.
राहुल गांधी ने लिखा-हिंद के जवाहर, भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू जी की जयंती पर सादर नमन. आजादी उनकी मंजिल नहीं, देश के नए सफर का मुकाम थी. स्वराज सत्ता नहीं, हर नागरिक की भागीदारी और देश के भविष्य की जिम्मेदारी थी.
उन्होंने आगे लिखा कि भारत उनके लिए एक खोज और एक विचार था, जिसमें विविधता शक्ति, लोकतंत्र विश्वास और समानता आधार थी. एक आधुनिक, वैज्ञानिक, प्रगतिशील और आत्मविश्वासी भारत का उनका सपना आज भी हमें प्रेरणा देता है. राहुल गांधी ने कहा कि उस सपने के भारत की ओर किया जाने वाला प्रयास ही नेहरू को सच्ची श्रद्धांजलि है.