Search

कब्र पर्व पर ख्रीस्तीयों ने अपने मृतजनों को याद किया, उनके लिए प्रार्थना की

 Ranchi :  ख्रीस्तीयों ने आज अपने मृत जनों को याद किया और उनके लिए प्रार्थनाएं की. कैथोलिक विश्वासी प्रत्येक वर्ष दो नवंबर को कब्र पर्व मनाते हैं और मृत जनों की आत्मा की शांति के प्रार्थना करते हैं. इस अवसर पर आज शनिवार को रांची टमटमटोली में स्थित कब्रस्थान पर कैथोलिक विश्वासी जमा हुए. सभी रांची महाधर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आइंद की अगुवाई में आयोजित मिस्सा बलिदान में शामिल हुए.

शरीर के मृत हो जाने पर जीवन समाप्त नहीं होता

कैथोलिक विश्वासियों के लिए कब्र पर्व एक विशेष अवसर है, इस दिन वे अपने परिवार के मृत माता पिता, भाई, बहन और रिश्तेदारों को याद करते हैं. उनके जीवन दान के लिए ईश्वर को धन्यवाद देते हैं. और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्राथनाएं करते हैं. कैथोलिकों का विश्वास है कि शरीर के मृत हो जाने पर जीवन समाप्त नहीं होता बल्कि वे एक नये जीवन में प्रवेश करते हैं. जैसे प्रभु येसु क्रूस में मरने के बाद पुनः जी उठे, वैसे ही वे भी जी उठेंगे. ईश्वर के राज्य में अर्थात स्वर्ग में दूतों एवं संतों की संगति में वे सदा सर्वदा शांति में निवास करेंगे

विश्वासियों ने अपने मृतजनों की कब्रों पर मोमबत्ती और अगरबत्ती जलाई

.कब्र पर्व के उपलक्ष्य में महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आइंद ने मिस्सा बलिदान के दौरान अपने धर्मोपदेश में कहा कि हमारा वास्तविक निवास स्वर्ग है जिसकी ओर हम तीर्थयात्री के रूप में अपना कदम बढ़ा रहे हैं. इस शरीर के नष्ट होने पर हम भी प्रभु येसु के समान पुनः जी उठेंगे. उन्होंने सभी मृत विश्वासियों के लिए प्रार्थना की और कब्रों पर आशीष प्रदान की. विश्वासियों ने अपने मृतजनों की कब्रों पर  मोमबत्ती और अगरबत्ती जलाई तथा फूलों से कब्रों को सजाया. कब्र पर्व के अवसर पर रांची के महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आइंद, फ़ा आनंद डेविड खलखो रांची के पल्ली पुरोहित, फा दीपक बाड़ा, रांची पल्ली के सहायक पल्ली पुरोहित, फा रॉबिन प्रफुल टोप्पो, फा नीलम तिडू, फा इज़ेकिएल टोप्पो फा जॉर्ज मिंज, अन्य पुरोहितगण, धर्मबंधु, धर्मबहनें एवं हज़ारों की संख्या कैथोलिक विश्वासी उपस्थित रहे.  

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp