Ranchi: झारखंड में हो रहे कोयला उत्पादन के एवज में बीते 2 वर्षों में केंद्र से राज्य को लगभग 19000 करोड रुपए का भुगतान किया गया है. कोयला उत्पादन के मामले में झारखंड देश के अव्वल राज्यों में शामिल है. जिसका एक निश्चित प्रतिशत राज्य के विकास के लिए केंद्र सरकार के द्वारा दिया जाता है. इसी के तहत 2 वर्षों में लगभग 19,000 करोड रुपए का भुगतान झारखंड को किया गया है. यह जानकारी केंद्रीय कोयला मंत्री प्रह्लाद जोशी ने लोकसभा में दी. रांची के सांसद संजय सेठ ने झारखंड में कोयला उत्पादन और इससे हुए मुनाफे और राज्य को दिए जा रहे लाभ से संबंधित सवाल लोकसभा में पूछा था. इसके जवाब में केंद्रीय मंत्री ने बताया कि रॉयल्टी, डीएमएफटी, एनएमएईटी, स्टेट जीएसटी, जीएसटी मुआवजा, उपकर, कोयले पर उपकर, राज्य बिक्रीकर सहित अन्य निधियों को जोड़कर झारखंड को वित्तीय वर्ष 2020-21 में 8654 करोड रुपए और 2021-22 में 10339 करोड रुपए का भुगतान किया गया है.
संजय सेठ के सवाल पर लोकसभा में सरकार ने बताया, कोयला उत्पादन के एवज में दो साल में झारखंड को मिले 19 हजार करोड़
Last Updated: Aug 06, 2022 12:00 AM (IST)