Search

महिला दिवस पर झारखंड की 40 हजार स्वास्थ्य सहियाओं को 22 हजार रुपये का तोहफा

Ranchi : अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर झारखंड सरकार ने राज्य की लगभग 40 हजार स्वास्थ्य सहियाओं को बड़ा तोहफा दिया है. नामकुम स्थित लोक स्वास्थ्य संस्थान के प्रेक्षागृह में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी की पत्नी इरफाना इरफान ने स्वास्थ्य सहियाओं को 22 हजार रुपये की एकमुश्त राशि का सांकेतिक चेक देकर सम्मानित किया.

 

दरअसल झारखंड सरकार की योजना के तहत झारखंड स्वास्थ्य प्रहरी के अंतर्गत स्वास्थ्य सहियाओं को हर महीने 2000 रुपये की प्रोत्साहन राशि देने का प्रावधान किया गया है. वित्तीय वर्ष 2025-26 के 11 महीने की यह राशि एकमुश्त 22 हजार रुपये के रूप में उनके खातों में स्थानांतरित की गई है.


Uploaded Image

 

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में इरफाना इरफान मौजूद थीं. वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह की पत्नी डॉ. अनिता सिन्हा और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन झारखंड के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा की पत्नी मीनाक्षी झा उपस्थित थीं.


Uploaded Image

 

इस मौके पर 48 स्वास्थ्य सहियाओं, 24 सहिया साथियों, पांच महिला चिकित्सकों और 72 सीएचओ व महिला स्वास्थ्य कर्मियों को स्वास्थ्य विभाग में उनके बेहतर योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया. इसके अलावा दो ऐसी स्वास्थ्य सहियाओं को भी सम्मानित किया गया जो हाल ही में मुखिया पद के लिए निर्वाचित हुई हैं.

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए इरफाना इरफान ने कहा कि झारखंड सरकार महिलाओं के स्वाभिमान, आत्मसम्मान और स्वावलंबन के लिए लगातार काम कर रही है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मईयां सम्मान योजना इसका बड़ा उदाहरण है. उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री की पत्नी कल्पना सोरेन महिलाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं.

 

डॉ. अनिता सिन्हा ने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को शक्ति का स्वरूप माना गया है. वहीं मीनाक्षी झा ने कहा कि जब एक महिला आगे बढ़ती है तो पूरा समाज आगे बढ़ता है.

 

जीवीआई की उपाधीक्षक डॉ. जेशीना ने महिलाओं से अपने ऊपर गर्व करने की अपील की. एनएचएम के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने कहा कि जहां नारी की पूजा होती है वहां देवताओं का वास होता है.

 

कार्यक्रम में एनएचएम के प्रशिक्षण कोषांग की राज्य नोडल पदाधिकारी डॉ. पुष्पा के अलावा अकय मिंज, डॉ. भारती कश्यप, अनिमा किस्कु, रफत फरजाना, गुंजन खलखो, रजनी, सज्ञा सिंह, सुचंद्रा पंडा, ललित टोप्पो, जोसली जॉन, नीलम झा, नीलम कुमार और शान्तना समेत बड़ी संख्या में स्वास्थ्य सहियाएं और महिला स्वास्थ्य कर्मी मौजूद थीं.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp