Search

Advertisement
Advertisement
Advertisement

संजीवनी व महिला योजना पर विवाद, विभाग ने कहा-कोई स्कीम नहीं है, AAP चला रही रजिस्ट्रेशन ड्राइव

  • विभाग ने कहा-कोई स्कीम लागू नहीं है
  • आप चला रही रजिस्ट्रेशन ड्राइव
  • केजरीवाल 12 बजे PC कर संजीवनी व महिला योजना पर करेंगे बात
NewDelhi :  दिल्ली में आम आदमी पार्टी (आप) की संजीवनी और महिला सम्मान योजना को लेकर विवाद छिड़ गया है. एक तरफ पार्टी के कार्यकर्ता इस योजना को लेकर बड़े स्तर पर रजिस्ट्रेशन ड्राइव चला रहे हैं. वहीं दूसरी तरफ स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग और महिला और बाल विकास विभाग (WCD) ने नोटिस जारी कर कहा है कि दिल्ली में फिलहाल कोई संजीवनी या महिला सम्मान योजना लागू नहीं है. इसके बाद राजनीतिक गलियारे में आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है. बता दें कि एक दिन पहले बीजेपी ने दावा किया था कि ये योजनाएं आधिकारिक रूप से सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त नहीं हैं.

नोटिस के बाद केजरीवाल प्रेस कांफ्रेंस कर दोनों योजनाओं पर करेंगे बात

दिल्ली सरकार के दोनों विभागों के नोटिस जारी करने के बाद इस पर सियासत तेज हो गयी है. अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर पोस्ट शेयर कर इन दोनों योजनाओं पर आज 12 बजे प्रेस कांफ्रेंस कर  बात करेंगे. केजरीवाल ने अपने पोस्ट में लिखा कि महिला सम्मान योजना और संजीवनी योजना से ये लोग बुरी तरह से बौखला गये हैं. अगले कुछ दिनों में फर्जी केस बनाकर आतिशी जी को गिरफ्तार करने का इन्होंने प्लान बनाया है. उसके पहले “आप” के सीनियर नेताओं पर रेड की जायेंगी. आप नेता ने कहा कि आज 12 बजे इस पर प्रेस कांफ्रेंस करूंगा. https://twitter.com/ArvindKejriwal/status/1871764944548737299

स्वास्थ्य व परिवार कल्याण विभाग की चेतावनी, अवैध योजनाओं से रहें सावधान

दिल्ली के स्वास्थ्य व परिवार कल्याण विभाग और महिला व बाल विकास विभाग ने नोटिस जारी कर आमजनता को जागरूक किया है. दोनों विभागों ने जनता को अवैध योजनाओं और फर्जी दावों से सतर्क रहने की बात कही है. स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग ने कहा कि `संजीवनी योजना`, जो 60 वर्ष से अधिक आयु के निवासियों के लिए मुफ्त इलाज का दावा करती है, वास्तव में अस्तित्व में नहीं है. स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि कुछ अवैध तत्वों ने पंजीकरण अभियान चलाकर वरिष्ठ नागरिकों से आधार और बैंक खाता जानकारी मांगते हुए नकली स्वास्थ्य योजना कार्ड वितरित किये हैं. विभाग ने जनता से अपील की है कि वे इस अनधिकृत योजना के तहत किये गये मुफ्त इलाज के वादों पर विश्वास न करें और व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें.

किसी से व्यक्तिगत जानकारी ना करें साझा, हो सकते हैं ठगी का शिकार

वहीं, महिला और बाल विकास विभाग (WCD) ने भी एक सार्वजनिक नोटिस जारी किया है, जिसमें `मुख्यमंत्री महिला सम्मान योजना` से संबंधित गतिविधियों के बारे में चेतावनी दी गयी है. विभाग ने स्पष्ट किया है कि दिल्ली सरकार ने ऐसी कोई योजना अधिसूचित नहीं की है. इस योजना के तहत पैसे बांटे जाने के दावे भी गलत हैं. विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे इस योजना का प्रतिनिधित्व करने का दावा करने वाले किसी भी व्यक्ति या राजनीतिक पार्टी से जानकारी साझा न करें, क्योंकि इससे साइबर अपराध या बैंकिंग धोखाधड़ी का जोखिम बढ़ सकता है.  

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही