Ranchi : झारखंड में दक्षिण-पश्चिम मानसून ने दस्तक दे दी है. मौसम विभाग ने राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश, मेघ गर्जन, वज्रपात और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मानसून की उत्तरी सीमा वर्तमान में धनबाद, मुजफ्फरपुर और पुरुलिया से होकर गुजर रही है.
अगले चार से पांच दिनों के दौरान मानसून के झारखंड के शेष हिस्सों में भी आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं. मौसम विभाग के अनुसार पश्चिम राजस्थान से गंगीय पश्चिम बंगाल तक एक ट्रफ रेखा दक्षिण उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड से होकर गुजर रही है, जिसके प्रभाव से राज्य में मौसम सक्रिय बना हुआ है.
रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा, धनबाद, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामतारा, पाकुड़ और साहेबगंज जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इन जिलों में कहीं-कहीं मेघ गर्जन, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है.
वहीं पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. इन इलाकों में भी गरज के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं. रांची और आसपास के क्षेत्रों में अगले कुछ दिनों तक मौसम सुहाना बने रहने की संभावना है.
14 से 20 जून के बीच आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे तथा मेघ गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इस दौरान अधिकतम तापमान 34 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. पिछले 24 घंटों के दौरान रांची का अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. कांके स्थित बीएयू क्षेत्र में 42.5 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई.
राज्य में सबसे अधिक 46.4 मिमी बारिश कोडरमा जिले के तिलैया डीवीसी क्षेत्र में दर्ज की गई. इसके अलावा चंदवा में 45.2 मिमी, हजारीबाग में 38.5 मिमी, चाकुलिया में 38.4 मिमी, मांडू में 38.2 मिमी, जमशेदपुर एयरो में 8.8 मिमी और चाईबासा में 8.1 मिमी वर्षा हुई.
तापमान की बात करें तो राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान पलामू के डालटनगंज में 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. जमशेदपुर और चाईबासा का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस रहा.
मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि अगले तीन दिनों के दौरान राज्य के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है. इसके बाद अगले दो दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.
Leave a Comment