Ranchi: भगवान बिरसा मुंडा उत्कृष्ट विधायक सम्मान से सम्मानित होने पर मझगांव के विधायक निरल पूर्ति ने इसे अपनी व्यक्तिगत उपलब्धि के बजाय जनता के विश्वास और मेहनतकश लोगों के संघर्ष का सम्मान बताया. झारखंड विधानसभा के 26वें स्थापना दिवस समारोह में अपने संबोधन के दौरान उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें भविष्य में और अधिक ऊर्जा, समर्पण और पारदर्शिता के साथ पूरे झारखंड की सेवा करने के लिए प्रेरित करेगा.
निरल पूर्ति ने कहा कि लोकतंत्र के इस पावन मंदिर में सम्मानित होना उनके लिए गौरव और भावुकता का क्षण है. उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता ने उन्हें अपना प्रतिनिधि चुनकर राज्य की सर्वोच्च पंचायत में भेजा है. इसलिए यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि उन लोगों का है, जिन्होंने उन पर भरोसा जताया है.
जनता की आवाज सदन तक पहुंचाना जनप्रतिनिधि का दायित्व
विधायक ने कहा कि विधानसभा महज एक इमारत नहीं है, बल्कि करोड़ों लोगों की आशाओं, आकांक्षाओं और सपनों को आवाज देने का सबसे सशक्त मंच है. वह सदन में अपने क्षेत्र की समस्याओं, जल-जंगल-जमीन की रक्षा और विकास की उम्मीदों को लेकर पहुंचते हैं. उनका प्रयास रहा है कि सदन की मर्यादा, अनुशासन और संवैधानिक परंपराओं का पालन करते हुए जनता के सवालों को गंभीरता से उठाया जाये. उन्होंने कहा कि झारखंड का निर्माण लंबे संघर्ष और अनगिनत बलिदानों के बाद हुआ है. वीर शहीदो के सपनो को साकार करने की जिम्मेदारी आज सभी जनप्रतिनिधियों पर है.
सत्ता-विपक्ष से ऊपर उठकर काम करने की जरूरत
निरल पूर्ति ने कहा कि विधायक की वास्तविक सफलता तभी है, जब सत्ता और विपक्ष के जनप्रतिनिधि राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर राज्य के अंतिम व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का काम करें. उन्होंने सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच होने वाली बहस और विचारों के आदान-प्रदान को स्वस्थ लोकतंत्र की पहचान बताया. साथ ही वरिष्ठ विधायकों से मिले मार्गदर्शन के लिए आभार जताया.