Ranchi News : झारखंड में शराब की महफिल कई बार दोस्ती और जश्न से शुरू होकर खूनी विवाद में बदलती दिखी है. पिछले करीब दो वर्षों के दौरान राज्य के अलग-अलग जिलों से सामने आए मामलों को देखें तो कम से कम एक दर्जन से अधिक ऐसी गंभीर घटनाएं रिपोर्ट हुई है, जिनमें शराब पार्टी या शराब पीने के दौरान शुरू हुआ विवाद मारपीट, फायरिंग, हत्या या गंभीर आपराधिक वारदात तक पहुंच गया. इन मामलों में रांची, जमशेदपुर, धनबाद, पलामू, गिरिडीह, गुमला और दूसरे जिलों के मामले शामिल हैं.
ताजा मामला राजधानी रांची का है. 7 सितंबर 2026 को चतरा के लोजपा (रामविलास) विधायक जनार्दन पासवान के पुत्र सौरभ कुमार के साथ एमिटी यूनिवर्सिटी के बाहर कथित रूप से मारपीट और जबरन वाहन में बैठाकर ले जाने का मामला सामने आया. हालांकि पुलिस ने कुछ ही घंटे में उन्हें सकुशल बरामद कर लिया. मामले में विधानसभा थाना में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गयी है. पुलिस जांच में छात्रों के दो गुटों के बीच शराब के नशे में विवाद और मारपीट का एंगल सामने आया है.
रांची के अलावा अलग-अलग जिलों में भी शराब पार्टी या शराब पीने के दौरान विवाद के बाद हिंसा के कई मामले रिपोर्ट हुए हैं. इनमें कुछ मामलों में गोली चली, कुछ में लोगों की जान गयी और कई मामलों में पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा.
बार-रेस्टोरेंट पर पुलिस मुख्यालय की नजर
शराब से जुड़े विवाद और सार्वजनिक जगहों पर होने वाले हुड़दंग को लेकर पुलिस मुख्यालय स्तर से जिलों को निगरानी और कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं. सभी जिलों के एसपी-एसएसपी को अपने क्षेत्र में बार, रेस्टोरेंट और शराब परोसे जाने वाले स्थानों की समय-समय पर जांच और निरीक्षण कराने को कहा गया है.
पुलिस की निगरानी सिर्फ लाइसेंस और कागजी औपचारिकताओं तक सीमित नहीं है. उन्हें यह भी देखना है कि संबंधित प्रतिष्ठान निर्धारित नियमों के मुताबिक संचालित हो रहा है या नहीं, तय समय के बाद शराब परोसने की शिकायत तो नहीं है, नाबालिगों को शराब तो नहीं दी जा रही और शराब के बाद परिसर व आसपास के सड़कों पर किसी तरह का हुड़दंग या आपराधिक गतिविधि तो नहीं हो रही.
जांच के दौरान नियमों की अनदेखी, अवैध गतिविधि या आपराधिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की बात सामने आने पर संबंधित प्रतिष्ठान और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश है. जरूरत पड़ने पर पुलिस और संबंधित विभागों के स्तर से संयुक्त कार्रवाई भी की जा सकती है.
जाम से शुरू, गोली, अपहरण और हत्या पर खत्म
केस स्टडी 1 (रांची)
7 सितंबर 2026 : एमिटी यूनिवर्सिटी के बाहर चतरा विधायक जनार्दन पासवान के पुत्र सौरभ कुमार के साथ मारपीट और कथित तौर पर जबरन वाहन में ले जाने का मामला सामने आया. पुलिस ने उन्हें कुछ घंटे में सकुशल बरामद कर लिया. मामले में एफआईआर दर्ज है. शुरुआती जांच में शराब के नशे में छात्रों के दो गुटों के बीच विवाद का एंगल सामने आया है.
केस स्टडी 2 (रांची)
31 अगस्त 2026 : बरियातू थाना क्षेत्र के मंडा बगीचा में मटन और शराब पार्टी के दौरान पैग बनाने को लेकर विवाद हुआ. कहासुनी बढ़ी और फायरिंग कर दी गयी. गोली टोनी लोहरा के पेट में लगी. उसे गंभीर हालत में रिम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया.
केस स्टडी 3 (सरायकेला-खरसावां)
जुलाई 2026 : कपाली ओपी क्षेत्र के तमोलिया में पार्टी के दौरान शराब पीने को लेकर विवाद हुआ. मामला बढ़ने के बाद फायरिंग की गयी. गोली कान्हा बाबू के पैर में लगी. घायल को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले जाया गया.
केस स्टडी 4 (जमशेदपुर)
जून 2026 : मानगो के ओलिडीह थाना क्षेत्र में शराब पार्टी के दौरान विवाद के बाद फायरिंग हुई. गोली देवदास गौर के गले में लगी और उसकी मौत हो गयी.
केस स्टडी 5 (जमशेदपुर)
जून 2026 : बिष्टुपुर के डबल डाउन बार के बाहर हुई हिंसक घटना में करणी सेना नेता हिमांशु सिंह की हत्या हो गयी. घटना के बाद वरीय अधिकारियों पर कार्रवाई की गयी. बार के बाहर का यह विवाद शहर में कानून-व्यवस्था को लेकर भी बड़ा सवाल बन गया.
केस स्टडी 6 (रांची)
अप्रैल 2026 : दोस्तों के साथ शराब पीने के दौरान शुरू हुआ विवाद अभिजीत तिवारी की हत्या तक पहुंच गया. पुलिस जांच में शराब के दौरान विवाद की बात सामने आयी. मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी भी हुई.
केस स्टडी 7 (धनबाद)
जनवरी 2026 : झरूडिह में देवेंद्र सिंह दोस्तों के साथ शराब पी रहा था. इसके बाद पड़ोसी राकेश झा से विवाद हुआ. मामला बढ़ने पर फायरिंग कर दी गयी. गोली राकेश के कान के पास से निकल गयी और कार में जा लगी.
केस स्टडी 8 (रांची)
नवंबर 2025 : अरगोड़ा चौक स्थित बार में शराब पी रहे ग्राहकों और डांस कर रहे किन्नरों के बीच विवाद हो गया. कहासुनी और धक्का-मुक्की के बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया. हालात बिगड़ने पर पुलिस और उत्पाद विभाग को हस्तक्षेप करना पड़ा.
केस स्टडी 9 (रांची)
2025 : जेडी हाई स्ट्रीट मॉल के जॉय बार में देर रात शराब पार्टी के दौरान तेज डीजे को लेकर विवाद हुआ. पुलिस के पहुंचने पर मामला शांत कराया गया. लेकिन पुलिस के लौटने के बाद नशे में युवक-युवतियों के बीच फिर मारपीट शुरू हो गयी.
केस स्टडी 10 (रांची)
28 अप्रैल 2025 : लालपुर के मूनटाउन बार में शराब पीने के दौरान दो पक्षों में विवाद हुआ. कहासुनी बढ़ी तो दोनों पक्ष आपस में भिड़ गये और मारपीट शुरू हो गयी. स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा.
केस स्टडी 11 (रांची)
26 मई 2024 : रांची के एक्सट्रीम स्पोर्ट्स बार में शराब परोसे जाने के दौरान दो पक्षों में विवाद हुआ. मामला बढ़ने पर फायरिंग हुई और गोली लगने से डीजे ऑपरेटर की मौत हो गयी. मामला झारखंड हाईकोर्ट तक भी पहुंचा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें
