Search

पाकिस्तान ने हमले के 24 घंटे के अंदर ईरान को दिया करारा जवाब, बलूच आतंकी समूह के ठिकानों पर एयरस्ट्राइक

Lahore :  पाकिस्तान ने एयर स्ट्राइक का जवाब एयर स्ट्राइक से दिया है. हमले के 24 घंटे के अंदर पाकिस्तान ने ईरान में कई आंतकी ठिकानों पर हमला किया है. पाकिस्तान का दावा है कि वायुसेना ने बुधवार रात पूर्वी ईरान में सरवन शहर के पास बलूच आतंकवादी समूह (बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) और बलूचिस्तान लिबरेशन फोर्स (BLF)) पर कई हवाई हमले किये हैं. ये बलूच आतंकवादी समूह ईरान में रहकर पाकिस्तान के खिलाफ साजिश रचते हैं और हमले करते हैं. पाकिस्तान का दावा है कि ईरान इस तरह के संगठनों को आश्रय देकर उनकी मदद करता है. हालांकि ईरान इसका हमेशा खंडन करता है.

पाकिस्तान के आंतकी संगठन जैश अल अदल के ठिकानों पर ईरान ने किया था हमला

बता दें कि ईरान ने मंगलवार (16 जनवरी) को पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में आतंकी संगठन जैश अल अदल के ठिकानों पर हमला किया था. इस एयर स्ट्राइक में दो बच्चों की मौत हुई थी. वहीं इस एयर स्ट्राइक में कई लोग घायल भी हुए थे. इस हमले से कई घरों को नुकसान पहुंचा था. मिली जानकारी के अनुसार, ईरान ने जैश अल अदल के बलूचिस्तान स्थित ठिकानों पर हमला किया था.

ईरान के प्रभारी राजदूत को किया तलब

ईरान के हमले के बाद पाकिस्तान ने अपनी भड़ास निकाली थी. पाकिस्तान ने ईरान के इस कृत्य को उसके ‘‘हवाई क्षेत्र का अकारण उल्लंघन’’ बताते हुए कड़ी निंदा की थी. बयान में कहा कि ईरान ने पाकिस्तानी क्षेत्र के अंदर हमला किया है. इसकी हम कड़ी निंदा करते हैं. यह पूरी तरह से पाकिस्तान की संप्रभुता का उल्लंघन है. यह घटना अस्वीकार्य है. पाकिस्तान ने चेतावनी दी कि इसके गंभीर परिणाम हो सकते हैं. पाकिस्तान ने ईरान के प्रभारी राजदूत को विदेश मंत्रालय में तलब किया था.

दोनों देशों के नेताओं के मुलाकात के कुछ देर बाद किया था हमला

बता दें कि स्विटजरलैंड के दावोस में वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम का आयोजन किया गया था. जिसमें ईरानी के विदेश मंत्री अमीर अब्दुल्लाह्यान और पाक के केयरटेकर पीएम अनवर उल हक काकर ने भी हिस्सा लिया था. दावोस में दोनों नेताओं ने मुलाकात की थी और आतंकवाद से निपटने को लेकर चर्चा की थी. दोनों नेताओं के मुलाकात के कुछ ही देर बाद ईरान ने पाकिस्तान पर हमला कर दिया.

पाकिस्तान से आतंकी गतिविधियों को अंजाम देता जैश अल अदल

जैश अल-अदल सुन्नी आतंकवादी संगठन है, जो मुख्यत: पाकिस्तान बॉर्डर पर आतंकी गतिविधियों को अंजाम देता है. यह आतंकवादी संगठन 2012 में बना है. यह संगठन ईरान के अंदर लगातार हमले करता रहा है. कई बार ईरानी बॉर्डर पुलिस की किडनैपिंग भी की है. जैश अल अदल को ईरान में जैश अल धुल्म के नाम से भी जाना जाता है.

बलूच करते हैं पाकिस्तान का विरोध

दरअसल बलूचिस्तान की सीमा उत्तर में अफगानिस्तान और पश्चिम में ईरान से सटी हुई है. बलूचिस्तान हमेशा से ही खनिज संसाधानों से संपन्न प्रांत रहा है. इस इलाके से पाकिस्तान खनिज संसाधनों का दोहन करता था. जिसका बलूच नागरिक विरोध करते थे. इसके बाद पाकिस्तान ने चीन को इसकी अनुमति दे दी. जिसका विरोध और बढ़ गया है. इसी विरोध के कारण बीएलए और बीएलएफ जैसे संगठन पाकिस्तानी सैन्य बलों तथा चीनी सैनिकों को निशाना बनाता रहे हैं. [wpse_comments_template]    

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp